डुमरांव पीएचसी में 17–18 मार्च को लगेगा दिव्यांग पहचान पत्र शिविर
जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण कोषांग की ओर से दिव्यांगजनों को विशिष्ट पहचान पत्र उपलब्ध कराने के उद्देश्य से डुमरांव प्रखंड में दो दिवसीय विशेष शिविर का आयोजन किया जाएगा। यह शिविर 17 और 18 मार्च को डुमरांव प्रखंड के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में आयोजित होगा। शिविर का समय सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक निर्धारित किया गया है।
__ लंबित 2220 आवेदनों का होगा निपटारा, सरकारी योजनाओं के लाभ के लिए जरूरी है विशिष्ट पहचान पत्र
केटी न्यूज/बक्सर:
जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण कोषांग की ओर से दिव्यांगजनों को विशिष्ट पहचान पत्र उपलब्ध कराने के उद्देश्य से डुमरांव प्रखंड में दो दिवसीय विशेष शिविर का आयोजन किया जाएगा। यह शिविर 17 और 18 मार्च को डुमरांव प्रखंड के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में आयोजित होगा। शिविर का समय सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक निर्धारित किया गया है।प्रशासन से प्राप्त जानकारी के अनुसार केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए विशिष्ट पहचान पत्र (यूडीआईडी) एक महत्वपूर्ण और एकल दस्तावेज के रूप में मान्य है।

इसके बावजूद जिले में अभी भी कई दिव्यांगजन इस सुविधा से वंचित हैं। यूडीआईडी पोर्टल के आंकड़ों के अनुसार बक्सर जिले में अब तक 17,136 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 14,448 दिव्यांगजनों को ही पहचान पत्र जारी किया जा सका है, जबकि 2220 आवेदन अभी भी लंबित हैं।जिला प्रशासन ने बताया कि प्रस्तावित शिविर में इन लंबित आवेदनों का निपटारा करने के साथ ही शिविर में आने वाले नए दिव्यांगजनों के आवेदन भी स्वीकार कर उनका पंजीकरण किया जाएगा। शिविर में ऑफलाइन प्रमाणीकृत आवेदन पत्रों के साथ-साथ नए आवेदनों का भी पंजीकरण कर विशिष्ट पहचान पत्र जारी करने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

शिविर के सफल संचालन के लिए डुमरांव के प्रखंड विकास पदाधिकारी को नोडल पदाधिकारी बनाया गया है। उन्हें निर्देश दिया गया है कि वे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी के साथ समन्वय कर शिविर से पूर्व सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करें। इसके अलावा बाल विकास परियोजना पदाधिकारी, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी, मुखिया, वार्ड सदस्य, पंचायत सचिव, विकास मित्र, जीविका समूह के प्रबंधक, ब्लॉक संसाधन केंद्र के पदाधिकारी, समुदाय स्तरीय समन्वयक, सेविकाएं और आशा कार्यकर्ताओं के सहयोग से दिव्यांगजनों का सर्वेक्षण कर शिविर में उनकी उपस्थिति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।

शिविर के प्रचार-प्रसार के लिए फ्लेक्स, बैनर, नुक्कड़ नाटक और ध्वनि विस्तारक यंत्र के माध्यम से माइकिंग की व्यवस्था की जाएगी। साथ ही दिव्यांगजनों के लिए नाश्ता, पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।सिविल सर्जन को निर्देश दिया गया है कि वे विशेषज्ञ चिकित्सकों और चिकित्सा बोर्ड की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करें, ताकि दिव्यांगजनों के प्रमाण पत्रों का सत्यापन कर आवश्यक दस्तावेजों के आधार पर शिविर में ही उनका पंजीकरण कर विशिष्ट पहचान पत्र जारी किया जा सके।जिला प्रशासन ने दिव्यांगजनों से अपील की है कि वे अपने आवश्यक दस्तावेजों के साथ निर्धारित तिथि पर शिविर में पहुंचकर इस सुविधा का लाभ उठाएं।

