बुनियाद केंद्रों में कॉमन सर्विस सेंटर सेवाओं की शुरुआत, अब मिलेंगी विभिन्न ऑनलाइन सुविधाएं

जिले के बुनियाद केंद्रों को आम नागरिकों के लिए और अधिक उपयोगी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए विभागीय सचिव वंदना प्रेयसी ने बक्सर एवं डुमरांव स्थित बुनियाद केंद्र परिसर में कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) की सेवाओं का उद्घाटन किया। इस पहल के बाद अब बुनियाद केंद्र एकीकृत सेवा प्रदाता केंद्र के रूप में कार्य करेंगे, जहां आने वाले लाभार्थियों को विभिन्न सरकारी एवं ऑनलाइन सेवाओं का लाभ एक ही स्थान पर मिल सकेगा।

बुनियाद केंद्रों में कॉमन सर्विस सेंटर सेवाओं की शुरुआत, अब मिलेंगी विभिन्न ऑनलाइन सुविधाएं

केटी न्यूज/बक्सर

जिले के बुनियाद केंद्रों को आम नागरिकों के लिए और अधिक उपयोगी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए विभागीय सचिव वंदना प्रेयसी ने बक्सर एवं डुमरांव स्थित बुनियाद केंद्र परिसर में कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) की सेवाओं का उद्घाटन किया। इस पहल के बाद अब बुनियाद केंद्र एकीकृत सेवा प्रदाता केंद्र के रूप में कार्य करेंगे, जहां आने वाले लाभार्थियों को विभिन्न सरकारी एवं ऑनलाइन सेवाओं का लाभ एक ही स्थान पर मिल सकेगा।उद्घाटन के अवसर पर विभागीय सचिव ने कहा कि सरकार का उद्देश्य है कि आम लोगों को सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ आसानी से उपलब्ध हो।

इसी दिशा में बुनियाद केंद्रों को कॉमन सर्विस सेंटर से जोड़ते हुए उन्हें बहुउद्देशीय सेवा केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है, ताकि ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के लोगों को दूर-दराज के कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।इस नई व्यवस्था के तहत समाज कल्याण विभाग से जुड़ी विभिन्न ऑनलाइन सेवाएं, जीवन प्रमाणीकरण, पेंशन से संबंधित सेवाएं तथा अन्य कई प्रकार की डिजिटल सुविधाएं अब बुनियाद केंद्रों के माध्यम से उपलब्ध कराई जाएंगी। अब तक ये सेवाएं मुख्य रूप से सामान्य सेवा केंद्र यानी वसुधा केंद्रों के माध्यम से ही मिलती थीं, लेकिन बुनियाद केंद्रों में इन सेवाओं की शुरुआत होने से लाभार्थियों को बड़ी राहत मिलेगी।

अधिकारियों ने बताया कि इस पहल से विशेष रूप से बुजुर्गों, दिव्यांगजनों तथा पेंशनधारियों को काफी सुविधा होगी, क्योंकि उन्हें जीवन प्रमाणन या अन्य जरूरी कार्यों के लिए इधर-उधर भटकना नहीं पड़ेगा। बुनियाद केंद्रों पर प्रशिक्षित कर्मियों की मौजूदगी में लाभार्थियों का कार्य सरलता से पूरा किया जाएगा।कार्यक्रम के दौरान जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग बक्सर के प्रतिनिधि, बुनियाद केंद्र के जिला प्रबंधक, कॉमन सर्विस सेंटर के जिला समन्वयक तथा विभिन्न कॉमन सर्विस सेंटर के वीएलई उपस्थित रहे। सभी ने इस पहल को जनसुविधा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।