भरत तिवारी के परिजनों से मिलें राहुल गांधी, कांग्रेस नेता डॉ. मनोज पांडे ने की मांग
बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य एवं बक्सर जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष डॉ. मनोज पांडे ने नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से बिहार दौरे के दौरान भोजपुर जिले के बिलौटी गांव पहुंचकर दिवंगत भरत तिवारी के परिजनों से मुलाकात करने की अपील की है। उन्होंने इस संबंध में बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद अखिलेश प्रसाद सिंह से भी आग्रह किया है कि इस मामले को गंभीरता से राहुल गांधी के समक्ष रखें, ताकि उनके कार्यक्रम में बिलौटी गांव को शामिल कराया जा सके।
बिलौटी गांव को बिहार दौरे के कार्यक्रम में शामिल करने का आग्रह, निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की उठाई मांग
केटी न्यूज/बक्सर।
डॉ. मनोज पांडे ने बताया कि उन्होंने राहुल गांधी को एक विस्तृत पत्र भेजकर भरत तिवारी की कथित फर्जी मुठभेड़ में हुई मौत की जानकारी दी है। साथ ही उनसे आग्रह किया है कि वे बिलौटी गांव पहुंचकर शोकाकुल परिवार से मुलाकात करें, उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करें और संवेदना व्यक्त करें। उनका कहना है कि इससे पीड़ित परिवार का मनोबल बढ़ेगा और न्याय की लड़ाई को मजबूती मिलेगी।

उन्होंने कहा कि भरत तिवारी गरीब, शोषित और वंचित वर्गों की आवाज उठाने वाले संघर्षशील युवा थे, जिन्होंने सामाजिक सरोकारों से जुड़े मुद्दों पर लगातार काम किया। उनके असामयिक निधन से पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। ऐसे समय में राजनीतिक और सामाजिक नेतृत्व का पीड़ित परिवार के साथ खड़ा होना लोकतांत्रिक मूल्यों के अनुरूप है।
डॉ. पांडे ने पूरे मामले की निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध जांच कराने की मांग करते हुए कहा कि दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि न्याय में देरी पीड़ित परिवार के साथ अन्याय के समान होगी। किसी भी लोकतांत्रिक व्यवस्था में अन्याय के खिलाफ आवाज उठाने वालों की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है।

उन्होंने विश्वास जताया कि कांग्रेस नेतृत्व इस मामले को गंभीरता से उठाएगा और भरत तिवारी के परिवार के साथ न्याय की लड़ाई में मजबूती से खड़ा रहेगा। डॉ. पांडे ने कहा कि राहुल गांधी हमेशा अन्याय के खिलाफ संघर्ष करने वालों के साथ खड़े रहे हैं और उन्हें उम्मीद है कि बिहार दौरे के दौरान वे बिलौटी गांव पहुंचकर परिजनों से मुलाकात करेंगे। साथ ही उन्होंने कहा कि भरत तिवारी का सामाजिक संघर्ष और जनसेवा समाज के लिए प्रेरणा बना रहेगा तथा उनके परिवार को न्याय दिलाना पूरे समाज की नैतिक जिम्मेदारी है।
