बिजली चोरी पर विभाग का शिकंजा, धरहरा में चार पर एफआईआर
बिजली चोरी के खिलाफ विद्युत विभाग ने एक बार फिर सख्त रुख अपनाते हुए धरहरा गांव में बड़ी कार्रवाई की है। विभागीय टीम की जांच के दौरान चार परिसरों में अवैध तरीके से बिजली का उपयोग किए जाने का मामला सामने आया। इसके बाद चार लोगों के खिलाफ कृष्णाब्रह्म थाने में नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।

__ 29 सितंबर को हुई छापेमारी में चार परिसरों में पकड़ी गई अवैध बिजली खपत, साक्ष्य जुटाने के बाद दर्ज हुआ केस
केटी न्यूज/कृष्णाब्रह्म।
बिजली चोरी के खिलाफ विद्युत विभाग ने एक बार फिर सख्त रुख अपनाते हुए धरहरा गांव में बड़ी कार्रवाई की है। विभागीय टीम की जांच के दौरान चार परिसरों में अवैध तरीके से बिजली का उपयोग किए जाने का मामला सामने आया। इसके बाद चार लोगों के खिलाफ कृष्णाब्रह्म थाने में नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। कार्रवाई के बाद गांव में बिजली चोरी करने वालों में हड़कंप की स्थिति है।जानकारी के अनुसार, विद्युत आपूर्ति प्रशाखा, ब्रह्मपुर की टीम ने 29 सितंबर को धरहरा गांव में बिजली कनेक्शनों और विभिन्न परिसरों की जांच के लिए छापेमारी अभियान चलाया।

जांच के दौरान टीम को चार परिसरों में बिजली के अवैध उपयोग से संबंधित मामले मिले। विभागीय अधिकारियों ने मौके पर आवश्यक जांच-पड़ताल करने के साथ बिजली चोरी से जुड़े साक्ष्य भी जुटाए।जांच में अनियमितता सामने आने के बाद विद्युत प्रशाखा ब्रह्मपुर के कनीय अभियंता अमित कुमार राय के बयान पर कृष्णाब्रह्म थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई। प्राथमिकी में धरहरा गांव निवासी अक्षयवर सिंह, कमलेश सिंह समेत चार लोगों को नामजद आरोपित बनाया गया है।पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

वहीं, विद्युत विभाग की कार्रवाई से स्पष्ट है कि अवैध तरीके से बिजली का इस्तेमाल करने वालों के खिलाफ अब अभियान और तेज किया जा रहा है। विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे केवल वैध विद्युत कनेक्शन के माध्यम से ही बिजली का उपयोग करें।विभागीय अधिकारियों ने कहा कि बिजली चोरी से न केवल विभाग को राजस्व का नुकसान होता है, बल्कि इससे विद्युत व्यवस्था पर भी प्रतिकूल असर पड़ता है। ऐसे में चोरी रोकने के लिए गांवों और विभिन्न इलाकों में जांच अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

