लोक शिकायत की द्वितीय अपील पर डीएम साहिला की सुनवाई, 17 मामलों में 4 का मौके पर निपटारा
जन शिकायतों के त्वरित एवं प्रभावी निवारण को लेकर जिला प्रशासन की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में गुरुवार को जिलाधिकारी साहिला ने समाहरणालय परिसर स्थित अपने कार्यालय कक्ष में लोक शिकायत अधिकार निवारण की द्वितीय अपील से जुड़े मामलों की सुनवाई की।


__ समाहरणालय से लेकर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग तक हुई सुनवाई, कई विभागों के अधिकारी रहे मौजूद
केटी न्यूज/बक्सर।
जन शिकायतों के त्वरित एवं प्रभावी निवारण को लेकर जिला प्रशासन की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में गुरुवार को जिलाधिकारी साहिला ने समाहरणालय परिसर स्थित अपने कार्यालय कक्ष में लोक शिकायत अधिकार निवारण की द्वितीय अपील से जुड़े मामलों की सुनवाई की। सुनवाई का आयोजन प्रत्यक्ष रूप के साथ-साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से भी किया गया।इस दौरान कुल 17 मामलों की सुनवाई की गई। सुनवाई के दौरान संबंधित पक्षों से प्राप्त तथ्यों, शिकायतों एवं विभागीय कार्रवाई की स्थिति की जानकारी ली गई। मामलों के निस्तारण को लेकर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों से आवश्यक जानकारी प्राप्त करते हुए उपलब्ध अभिलेखों एवं तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की।

इनमें से चार मामलों का निष्पादन जिला पदाधिकारी द्वारा सुनवाई के दौरान ही कर दिया गया।प्रशासनिक स्तर पर लोक शिकायतों के त्वरित निपटारे के लिए आयोजित इस सुनवाई में विभिन्न विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे। स्थापना उप समाहर्ता, बक्सर ने समाहरणालय में उपस्थित होकर सुनवाई में भाग लिया। वहीं वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अनुमंडल पदाधिकारी, बक्सर, भूमि सुधार उप समाहर्ता, बक्सर, कार्यपालक पदाधिकारी, नगर परिषद बक्सर, प्रखंड विकास पदाधिकारी, सिमरी तथा अंचलाधिकारी राजपुर, चौसा एवं डुमरांव जुड़े रहे।

सुनवाई के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को लोक शिकायत से जुड़े मामलों में निर्धारित प्रक्रिया के तहत त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया। प्रशासन का उद्देश्य शिकायतों को लंबित रखने के बजाय उनका तथ्यपरक एवं समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है। द्वितीय अपील की नियमित सुनवाई इसी व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा है, जिसके माध्यम से शिकायतकर्ताओं को उच्च स्तर पर अपनी बात रखने और मामलों के निस्तारण का अवसर मिलता है।

