रमजान के अंतिम दिनों में एकता की मिसाल बनी सामूहिक इफ्तार पार्टी
प्रखंड क्षेत्र के अकबरपुर पंचायत अंतर्गत श्रीकांतपुर मस्जिद परिसर में रमजान के पवित्र महीने के अंतिम दिनों को खास बनाने के उद्देश्य से सामूहिक रोजा इफ्तार का आयोजन किया गया। इस आयोजन की खास बात यह रही कि इसमें केवल एक समुदाय ही नहीं, बल्कि विभिन्न वर्गों के लोग शामिल होकर आपसी भाईचारे और सौहार्द का संदेश देते नजर आए।
केटी न्यूज/राजपुर
प्रखंड क्षेत्र के अकबरपुर पंचायत अंतर्गत श्रीकांतपुर मस्जिद परिसर में रमजान के पवित्र महीने के अंतिम दिनों को खास बनाने के उद्देश्य से सामूहिक रोजा इफ्तार का आयोजन किया गया। इस आयोजन की खास बात यह रही कि इसमें केवल एक समुदाय ही नहीं, बल्कि विभिन्न वर्गों के लोग शामिल होकर आपसी भाईचारे और सौहार्द का संदेश देते नजर आए।समाजसेवी एवं मुखिया प्रतिनिधि राजेश सिंह के नेतृत्व में आयोजित इस इफ्तार पार्टी में बड़ी संख्या में रोजेदारों ने एक साथ बैठकर इफ्तार किया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने रमजान की अहमियत पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह महीना त्याग, संयम और इबादत का प्रतीक है। इस दौरान अल्लाह की विशेष रहमत प्राप्त होती है और इंसान को नेक रास्ते पर चलने की प्रेरणा मिलती है।

नमाज के बाद सभी रोजेदारों ने देश में अमन-चैन, आपसी सौहार्द और समाज की तरक्की के लिए दुआ मांगी। वक्ताओं ने कहा कि इस तरह के आयोजन सामाजिक एकता को मजबूत करते हैं और विभिन्न समुदायों के बीच आपसी विश्वास को बढ़ाते हैं।इफ्तार पार्टी में स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों की भी सक्रिय भागीदारी रही। सरपंच ललन यादव समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे और आयोजन की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम समाज में सकारात्मक संदेश देते हैं और लोगों को एकजुट करने का काम करते हैं।कार्यक्रम के अंत में सभी ने एक-दूसरे को रमजान की मुबारकबाद दी और भविष्य में भी इसी तरह मिल-जुलकर रहने का संकल्प लिया।

