आईईएसएम बक्सर की बैठक में पूर्व सैनिकों के एकजुट मंच का संकल्प

आईईएसएम बक्सर की मासिक बैठक रविवार को स्थानीय सैनिक कार्यालय स्थित माँ मुंडेश्वरी अस्पताल परिसर में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता चेयरमैन डॉ. मेजर पी. के. पाण्डेय ने की, जबकि संचालन जिला उपाध्यक्ष सूबेदार विद्या सागर चौबे ने किया। भीषण गर्मी और फसल कटाई के बावजूद जिले के विभिन्न प्रखंडों से करीब 200 पूर्व सैनिकों और वीरांगनाओं की भागीदारी ने कार्यक्रम को विशेष बना दिया।

आईईएसएम बक्सर की बैठक में पूर्व सैनिकों के एकजुट मंच का संकल्प

__ संगठन विस्तार, पेंशन सहायता और साइबर जागरूकता पर जोर; दो प्रतिनिधि दिल्ली गवर्निंग बॉडी के लिए चयनित

केटी न्यूज/बक्सर

आईईएसएम बक्सर की मासिक बैठक रविवार को स्थानीय सैनिक कार्यालय स्थित माँ मुंडेश्वरी अस्पताल परिसर में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता चेयरमैन डॉ. मेजर पी. के. पाण्डेय ने की, जबकि संचालन जिला उपाध्यक्ष सूबेदार विद्या सागर चौबे ने किया। भीषण गर्मी और फसल कटाई के बावजूद जिले के विभिन्न प्रखंडों से करीब 200 पूर्व सैनिकों और वीरांगनाओं की भागीदारी ने कार्यक्रम को विशेष बना दिया।बैठक में संगठन विस्तार को प्राथमिकता देते हुए निर्णय लिया गया कि सैनिकों को मिलने वाली सभी सरकारी सुविधाएं घर-घर तक पहुंचाई जाएंगी। प्रखंड स्तर पर इस अभियान को युद्धस्तर पर चलाने का संकल्प लिया गया।

वक्ताओं ने स्पष्ट किया कि आईईएसएम बक्सर सभी पूर्व सैनिकों और वीरांगनाओं के लिए कार्य करता है, चाहे वे किसी भी संगठन से जुड़े हों या नहीं।जिला उपाध्यक्ष विद्या सागर चौबे ने बताया कि संगठन अब तक पेंशन और एरियर के रूप में लगभग 10 करोड़ रुपये दिलाने में सफल रहा है, वह भी पूरी तरह निःशुल्क सेवा के माध्यम से। वहीं, जिला महासचिव कैप्टन श्री निवास सिंह ने साइबर ठगी और फर्जीवाड़े से बचाव के लिए सैनिकों को जागरूक किया। सार्जेंट विनोद तिवारी ने आयकर रिटर्न (आईटीआर) भरने की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि यह भविष्य में ऋण लेने जैसी जरूरतों के लिए अनिवार्य है।बैठक में ईसीएचएस कार्ड बनवाने को लेकर भी विशेष जोर दिया गया, ताकि आकस्मिक स्थिति में चिकित्सा सुविधा प्राप्त करने में कठिनाई न हो।

इसी दौरान दिल्ली से प्राप्त निर्देशों के आधार पर आईईएसएम की गवर्निंग बॉडी के लिए कैप्टन श्री निवास सिंह और पेट्टी ऑफिसर सुरेन्द्र सिंह को सर्वसम्मति से प्रतिनिधि चुना गया।कार्यक्रम में ईसीएचएस बक्सर में दो नए डॉक्टरों की नियुक्ति पर खुशी जताई गई तथा संबंधित अधिकारियों के कार्यों की सराहना की गई। मीडिया के सवाल पर वक्ताओं ने कहा कि भले ही जिले में कई संगठन सक्रिय हैं, लेकिन सभी का उद्देश्य सैनिक कल्याण ही है और भविष्य में एक साझा मंच पर कार्य करने की दिशा में प्रयास जारी हैं।अंत में समस्याग्रस्त सैनिकों के आवेदन लिए गए, नए सदस्यों का नामांकन हुआ और देशभक्ति नारों के बीच बैठक का समापन किया गया।