__ ग्राम विकास योजनाओं के सत्यापन और अनुमोदन को लेकर डीडीसी की अध्यक्षता में बैठक, एक सप्ताह में विभागों से मांगी गई जांच रिपोर्ट
केटी न्यूज/बक्सर।
बक्सर जिले के 46 गांवों की सूरत बदलने की कवायद तेज हो गई है। प्रधानमंत्री अनुसूचित जाति अभ्युदय योजना के तहत आदर्श ग्राम के रूप में चयनित इन गांवों में बुनियादी सुविधाओं के विकास और अधूरी जरूरतों को पूरा करने की दिशा में प्रशासनिक पहल शुरू कर दी गई है। इसी कड़ी में मंगलवार को डीडीसी निहारिका छवि की अध्यक्षता में जिला स्तरीय मूल्यांकन एवं समन्वय समिति की बैठक समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में आयोजित हुई। बैठक में चयनित गांवों की ग्राम विकास योजनाओं के सत्यापन और अनुमोदन पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में बताया गया कि प्रधानमंत्री अनुसूचित जाति अभ्युदय योजना पूरी तरह केंद्र सरकार द्वारा वित्तपोषित योजना है।

इसके तहत चयनित गांवों में विभिन्न विभागों की पहले से संचालित विकास योजनाओं को आपस में जोड़कर तथा जहां सुविधाओं की कमी है, वहां अतिरिक्त संसाधन उपलब्ध कराकर आधारभूत संरचनाओं का विकास किया जाएगा। इसका उद्देश्य चयनित गांवों को आदर्श ग्राम के रूप में विकसित करना है। बक्सर जिले के सभी 10 प्रखंडों में चयनित 46 गांवों की ग्राम सभाओं से स्वीकृत विकास योजनाएं समिति के समक्ष रखी गईं। इन योजनाओं में शामिल कार्यों की विभागवार समीक्षा और वास्तविक जरूरतों के अनुरूप उनके सत्यापन पर जोर दिया गया। समीक्षा के दौरान डीडीसी ने जिला कल्याण पदाधिकारी को निर्देश दिया कि सर्वेक्षण से जुड़े आंकड़े और ग्राम विकास योजनाएं सभी संबंधित जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ साझा करें।

वहीं, सभी विभागीय पदाधिकारियों को अपने-अपने विभाग से संचालित योजनाओं का मिलान कर एक सप्ताह के भीतर सत्यापन प्रतिवेदन जिला कल्याण कार्यालय को सौंपने का निर्देश दिया गया। डीडीसी ने स्पष्ट किया कि ग्राम विकास योजनाओं में किसी प्रकार के संशोधन की आवश्यकता होने पर उसकी जानकारी प्रतिवेदन में दी जाए, ताकि जरूरी बदलाव के बाद संशोधित योजना को दोबारा ग्राम सभा से स्वीकृति दिलाई जा सके। बैठक में सिविल सर्जन, जिला योजना पदाधिकारी, जिला पंचायती राज पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, ग्रामीण विकास अभिकरण के निदेशक, लेखा एवं प्रशासन के निदेशक, संबंधित कार्यपालक अभियंता, प्रभारी जिला कल्याण पदाधिकारी तथा सभी प्रखंड कल्याण पदाधिकारी मौजूद रहे।




टिप्पणियां 0
टिप्पणी एडमिन की मंज़ूरी के बाद सबको दिखेगी। अभद्र भाषा का प्रयोग न करें।