__ 15 दिसंबर तक सभी कर्मियों को आईजीओटी प्लेटफॉर्म पर प्रशिक्षण पूरा करने का निर्देश, उत्कृष्ट कार्यों के वीडियो और तस्वीरों से होगा दस्तावेजीकरण
केटी न्यूज/बक्सर।
जिले में सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, विभागीय कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और कार्यालयों की कार्य संस्कृति को बेहतर बनाने को लेकर डीएम साहिला ने सख्त रुख अपनाया है। मंगलवार को समाहरणालय परिसर स्थित अपने कार्यालय कक्ष में उन्होंने योजना कार्यालय से संबंधित समीक्षा बैठक की। इस दौरान विभिन्न विभागों में संचालित योजनाओं की प्रगति, उपलब्धियों और कार्यशैली में सुधार को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए। बैठक में डीएम ने सभी संबंधित विभागों को अपनी-अपनी योजनाओं की अद्यतन प्रगति रिपोर्ट तैयार कर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि रिपोर्ट में केवल योजनाओं की सामान्य जानकारी ही नहीं, बल्कि उनके क्रियान्वयन की वास्तविक स्थिति, उल्लेखनीय उपलब्धियों और विभागों द्वारा किए गए नवाचारों का भी विस्तृत उल्लेख होना चाहिए।

साथ ही, संबंधित कार्यों के वीडियो और फोटोग्राफ भी रिपोर्ट के साथ संलग्न करने को कहा, ताकि जिले में किए जा रहे बेहतर कार्यों का प्रमाणिक दस्तावेजीकरण किया जा सके और उत्कृष्ट प्रयासों को सामने लाया जा सके। कार्यालयों में कार्य निष्पादन की गुणवत्ता बढ़ाने और कर्मियों को अधिक दक्ष बनाने पर भी डीएम ने विशेष जोर दिया। उन्होंने सभी संबंधित कर्मियों को ऑफिस मैनेजमेंट का प्रशिक्षण उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उनका मानना था कि बेहतर प्रशासनिक व्यवस्था के लिए योजनाओं का क्रियान्वयन जितना जरूरी है, उतना ही आवश्यक कार्यालयों में अनुशासित और व्यवस्थित कार्य संस्कृति विकसित करना भी है।

इसके अलावा, सभी पदाधिकारियों और कर्मियों को 15 दिसंबर तक आईजीओटी (इंटीग्रेटेड गवर्नमेंट ऑनलाइन ट्रेनिंग) प्लेटफॉर्म पर निर्धारित प्रशिक्षण पाठ्यक्रम अनिवार्य रूप से पूरा करने का निर्देश दिया गया। डीएम ने प्रशिक्षण को सरकारी कार्यप्रणाली में दक्षता और क्षमता विकास का महत्वपूर्ण माध्यम बताया। बैठक के अंत में डीएम ने सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देशों का समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने अपने दायित्वों के प्रति गंभीरता, तत्परता और जवाबदेही के साथ काम करने पर बल दिया।





टिप्पणियां 0
टिप्पणी एडमिन की मंज़ूरी के बाद सबको दिखेगी। अभद्र भाषा का प्रयोग न करें।