__ देव दीपावली पर दीपों से जगमगाया अहिरौली का पौराणिक घाट, गंगा तट पर भक्तिमय माहौल के बीच उमड़ी लोगों की उत्सवी उमंग

केटी न्यूज/बक्सर।
आस्था की रोशनी, परंपरा की खुशबू और सामाजिक एकजुटता के संदेश के साथ अहिरौली स्थित ऐतिहासिक अहिल्या घाट पर देव दीपावली का पर्व धूमधाम से मनाया गया। इस मौके पर 5100 दीपों की रोशनी से पूरा घाट जगमगा उठा। दीपों की कतारों से सजा घाट ऐसा प्रतीत हो रहा था, मानो धरती पर सितारों की चादर बिछ गई हो। आकर्षक दीप सज्जा और भक्तिमय वातावरण ने इस आयोजन को खास बना दिया। देव दीपावली के अवसर पर घाट पर आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में स्थानीय लोगों और युवाओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। दीप प्रज्वलन के साथ ही पूरा परिसर रोशनी से नहा उठा। आयोजन ने न केवल धार्मिक आस्था को अभिव्यक्ति दी, बल्कि क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत और सामूहिक सहभागिता की खूबसूरत तस्वीर भी पेश की।

युवा नेता रामजी सिंह के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में रेडियंट पब्लिक स्कूल के निदेशक राजेश जी, सदफ रशीद, डॉ. अखलाक अहमद, शराफत हुसैन, कृष्णावती देवी, आशुतोष दुबे, अनूप गुप्ता, प्रोफेसर अनुराग श्रीवास्तव और श्याम जी वर्मा समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। आयोजन को सफल बनाने में राकेश मांझी, दीपक पटेल, रंजन कुमार मांझी, कुंदन मांझी सहित अहिल्या घाट के दर्जनों युवाओं और स्थानीय लोगों ने सक्रिय योगदान दिया। सभी ने मिलकर दीपोत्सव को भव्य स्वरूप प्रदान किया।

इस मौके पर युवा नेता रामजी सिंह ने कहा कि देव दीपावली केवल दीप जलाने का पर्व नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक विरासत, धार्मिक आस्था और सामाजिक एकता का प्रतीक है। अहिल्या घाट की ऐतिहासिक एवं धार्मिक महत्ता को नई पहचान दिलाने और इस विरासत को जनमानस से जोड़ने के उद्देश्य से प्रत्येक वर्ष यह आयोजन किया जाता है। उन्होंने आयोजन में सहयोग देने वाले अतिथियों, स्थानीय नागरिकों और युवा साथियों के प्रति आभार जताया।




टिप्पणियां 0
टिप्पणी एडमिन की मंज़ूरी के बाद सबको दिखेगी। अभद्र भाषा का प्रयोग न करें।