बोलीदाता नहीं पहुंचे, चौसा नपं की सैरात बंदोबस्ती फिर अटकी

चौसा नगर पंचायत में सैरात बंदोबस्ती की प्रक्रिया एक बार फिर बोलीदाताओं के अभाव में अटक गई। वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए विभिन्न सैरात एवं बाजारों की बंदोबस्ती को लेकर सोमवार को आयोजित खुली डाक की पहली बैठक में एक भी बोलीदाता नहीं पहुंचा।

बोलीदाता नहीं पहुंचे, चौसा नपं की सैरात बंदोबस्ती फिर अटकी

केटी न्यूज/चौसा

चौसा नगर पंचायत में सैरात बंदोबस्ती की प्रक्रिया एक बार फिर बोलीदाताओं के अभाव में अटक गई। वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए विभिन्न सैरात एवं बाजारों की बंदोबस्ती को लेकर सोमवार को आयोजित खुली डाक की पहली बैठक में एक भी बोलीदाता नहीं पहुंचा। इसके चलते नगर पंचायत को बंदोबस्ती की प्रक्रिया स्थगित करनी पड़ी। अब इसके लिए 25 और 27 अगस्त की नई तिथि निर्धारित की गई है।नगर पंचायत की ओर से चौसा हाट-बाजार, मछली बाजार तथा छोटे-बड़े भाड़े के वाहनों की सैरात की बंदोबस्ती की जानी है। इसके लिए पूर्व में ही सार्वजनिक सूचना जारी कर इच्छुक लोगों को डाक में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया था। लेकिन सोमवार को निर्धारित समय पर बोलीदाता नहीं पहुंचे।

इससे पहले भी फरवरी में लगातार तीन बैठकों का आयोजन किया गया था, लेकिन पर्याप्त बोलीदाता नहीं मिलने के कारण उन बैठकों में भी बंदोबस्ती नहीं हो सकी थी।बंदोबस्ती में लगातार आ रही अड़चन के पीछे नगर पंचायत द्वारा निर्धारित ऊंची डाक राशि को प्रमुख कारण बताया जा रहा है। वित्तीय वर्ष 2025-26 में भी पर्याप्त बोलीदाता नहीं मिलने से सैरात की बंदोबस्ती नहीं हो सकी थी और विभागीय स्तर पर वसूली कराई गई थी। वहीं, वित्तीय वर्ष 2024-25 में बस वाहनों की सैरात 30.30 लाख तथा हाट-बाजार की बंदोबस्ती 5.25 लाख रुपये में हुई थी।

बोलीदाताओं की बेरुखी को देखते हुए कार्यपालक पदाधिकारी ने निर्धारित राशि में कमी करने की अनुशंसा जिला पदाधिकारी से की थी। इसके बाद शेष अवधि के लिए डाक राशि घटाकर 13.91 लाख रुपये निर्धारित की गई है। इसी राशि से अब बोली शुरू की जाएगी।कार्यपालक पदाधिकारी रानी कुमारी ने बताया कि बंदोबस्ती के लिए 25 और 27 अगस्त की तिथि निर्धारित की गई है। दोनों तिथियों में नगर पंचायत कार्यालय के सभाकक्ष में प्रक्रिया पूरी की जाएगी। बैठक में नगर पंचायत अध्यक्ष किरण देवी, दंडाधिकारी सह राजस्व पदाधिकारी सहित सशक्त समिति के सदस्य मौजूद रहे।