निर्धारित ठिकानों को छोड़ दानी कुटिया पर थम रहे ट्रक, नो-एंट्री व्यवस्था बेअसर

बक्सर शहर को भारी वाहनों के दबाव और जाम से मुक्त रखने के लिए बनाई गई नो-एंट्री व्यवस्था जमीनी स्तर पर बेअसर होती नजर आ रही है। प्रशासन के स्पष्ट निर्देश के बावजूद चौसा-बक्सर मार्ग पर दानी कुटिया के समीप एक बार फिर ट्रकों का जमावड़ा शुरू हो गया है।

निर्धारित ठिकानों को छोड़ दानी कुटिया पर थम रहे ट्रक, नो-एंट्री व्यवस्था बेअसर

__ चौसा-बक्सर मार्ग पर सड़क किनारे भारी वाहनों की कतार से बढ़ी परेशानी, कार्रवाई के दावे के बावजूद नहीं सुधरी स्थिति

केटी न्यूज/चौसा।

बक्सर शहर को भारी वाहनों के दबाव और जाम से मुक्त रखने के लिए बनाई गई नो-एंट्री व्यवस्था जमीनी स्तर पर बेअसर होती नजर आ रही है। प्रशासन के स्पष्ट निर्देश के बावजूद चौसा-बक्सर मार्ग पर दानी कुटिया के समीप एक बार फिर ट्रकों का जमावड़ा शुरू हो गया है। सड़क किनारे कतारबद्ध खड़े भारी वाहनों के कारण मुख्य मार्ग पर यातायात प्रभावित हो रहा है। इससे दुर्घटना की आशंका के साथ-साथ राहगीरों और स्थानीय लोगों की परेशानी भी बढ़ गई है।दरअसल, भारी वाहनों के अनियंत्रित ठहराव के कारण शहर में लगने वाले जाम को देखते हुए अनुमंडल प्रशासन ने दानी कुटिया के पास ट्रकों के खड़े होने पर रोक लगाते हुए अलग-अलग मार्गों से आने वाले भारी वाहनों के लिए ठहराव स्थल निर्धारित किया था।

चौसा-कोचस मार्ग से आने वाले ट्रकों को सरेंजा से पहले, उत्तर प्रदेश की ओर से कर्मनाशा पुल होकर आने वाले वाहनों को चौसा उत्पाद चेकपोस्ट से पहले, चौसा-मोहनिया मार्ग के वाहनों को रामपुर से पहले तथा बक्सर-इटाढ़ी मार्ग से आने वाले ट्रकों को इटाढ़ी से पहले रोकने की व्यवस्था बनाई गई थी।इसके बावजूद ट्रकों का दानी कुटिया तक पहुंचना प्रशासनिक निगरानी की प्रभावशीलता पर सवाल खड़ा कर रहा है। सड़क के किनारे भारी वाहनों की कतार लगने से मार्ग पर आवागमन का दायरा सिमट गया है। खासकर छोटे वाहनों को निकलने में परेशानी हो रही है। व्यस्त समय में स्थिति और गंभीर हो जाती है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते ट्रकों को निर्धारित स्थलों पर नहीं रोका गया तो किसी बड़े हादसे की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। लोगों ने प्रशासन से नो-एंट्री व्यवस्था का सख्ती से पालन कराने और सड़क पर ट्रक खड़ा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।इस संबंध में मुफस्सिल थानाध्यक्ष शंभू भगत ने कहा कि दानी कुटिया के पास ट्रक खड़ा करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।