बक्सर में बिहार दिवस पर विविध कार्यक्रमों का आयोजन आज
कला एवं संस्कृति विभाग, बिहार एवं जिला प्रशासन बक्सर के संयुक्त तत्वावधान में बिहार दिवस समारोह 2026 के अवसर पर रविवार, 22 मार्च को जिलेभर में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इसे लेकर प्रशासनिक स्तर पर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
केटी न्यूज/बक्सर
कला एवं संस्कृति विभाग, बिहार एवं जिला प्रशासन बक्सर के संयुक्त तत्वावधान में बिहार दिवस समारोह 2026 के अवसर पर रविवार, 22 मार्च को जिलेभर में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इसे लेकर प्रशासनिक स्तर पर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।कार्यक्रम की शुरुआत अनुमंडल स्तर पर क्विज प्रतियोगिता से होगी, जिसका आयोजन जिला शिक्षा कार्यालय, बक्सर द्वारा किया जाएगा। इस प्रतियोगिता में विद्यार्थियों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए सभी संबंधित विद्यालयों को निर्देश जारी किए गए हैं।

प्रतियोगिता का उद्देश्य छात्रों में बिहार के इतिहास, संस्कृति और गौरव के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।वहीं, सुबह 7 बजे से ‘रन फॉर फिट’ थीम के तहत मैराथन दौड़ का आयोजन किया जाएगा। यह दौड़ 11 नंबर लख बड़ी नहर से सोंधीला पुल तक करीब 3 किलोमीटर की दूरी में आयोजित होगी। प्रशासन ने अधिक से अधिक लोगों से इसमें भाग लेने की अपील की है, ताकि स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का संदेश व्यापक रूप से फैल सके।शाम बाद चार बजे से नगर भवन, बक्सर में मुख्य कार्यक्रम आयोजित होगा।

इस दौरान दीप प्रज्ज्वलन, केक कटिंग, बिहार गौरव गान एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों को सम्मानित भी किया जाएगा।जिला प्रशासन ने बताया कि बिहार दिवस को लेकर लोगों में उत्साह का माहौल है और सभी कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। अधिकारियों ने आमजन से बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है, ताकि बिहार की समृद्ध संस्कृति और परंपरा का उत्सव पूरे उत्साह के साथ मनाया जा सके।

