बक्सर में एलपीजी आपूर्ति सामान्य, घबराने की जरूरत नहीं

जिले में रसोई गैस (एलपीजी) की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य बनी हुई है और उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की कमी की स्थिति का सामना नहीं करना पड़ रहा है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि गैस की उपलब्धता पर्याप्त है तथा किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान देने की आवश्यकता नहीं है।

बक्सर में एलपीजी आपूर्ति सामान्य, घबराने की जरूरत नहीं

-- 27 गैस एजेंसियों के माध्यम से नियमित वितरण, 83 हजार से अधिक सिलेंडर बांटे गए, कालाबाजारी पर सख्ती, शिकायतों का त्वरित समाधान

केटी न्यूज/बक्सर

जिले में रसोई गैस (एलपीजी) की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य बनी हुई है और उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की कमी की स्थिति का सामना नहीं करना पड़ रहा है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि गैस की उपलब्धता पर्याप्त है तथा किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान देने की आवश्यकता नहीं है।जिले में इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन लिमिटेड, भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड एवं हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड के अंतर्गत कुल 27 गैस एजेंसियां कार्यरत हैं। इन एजेंसियों के माध्यम से 13 से 29 मार्च  तक कुल 83,649 गैस सिलेंडरों का वितरण उपभोक्ताओं के बीच किया जा चुका है।

वहीं 29 मार्च तक एजेंसियों के पास 2,630 सिलेंडर का भंडार उपलब्ध है, जिससे आपूर्ति व्यवस्था सुचारु बनी हुई है।आंकड़ों के अनुसार जिले में प्रतिदिन औसत मांग 6,419 सिलेंडर की है, जबकि औसतन 5,889 सिलेंडर की आपूर्ति हो रही है। वर्तमान में 24,057 रीफिल बुकिंग लंबित हैं, जिन्हें चरणबद्ध तरीके से वितरित किया जा रहा है। लंबित बुकिंग का औसत बैकलॉग लगभग 4.1 दिन का बताया गया है, जिसे शीघ्र समाप्त करने का प्रयास जारी है।गैस वितरण व्यवस्था को व्यवस्थित बनाए रखने के लिए प्रशासन ने स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए हैं। इसके तहत शहरी क्षेत्र के घरेलू उपभोक्ता अपने अंतिम सिलेंडर की डिलीवरी के 25 दिनों बाद ही नया सिलेंडर बुक करा सकते हैं, जबकि ग्रामीण क्षेत्र के उपभोक्ताओं के लिए यह अवधि 45 दिन निर्धारित की गई है।

इस व्यवस्था का उद्देश्य अनावश्यक बुकिंग पर रोक लगाना और सभी उपभोक्ताओं तक समान रूप से गैस उपलब्ध कराना है।जिला प्रशासन ने यह भी बताया कि प्रतिदिन मांग के अनुरूप एलपीजी की आपूर्ति जिले को प्राप्त हो रही है, जिससे किसी प्रकार की कमी की स्थिति उत्पन्न नहीं हो रही है। उपभोक्ताओं से अपील की गई है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और गैस एजेंसियों के बाहर अनावश्यक भीड़ न लगाएं।वहीं कालाबाजारी और जमाखोरी पर रोक लगाने के लिए प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है। जिले के वरीय पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी, सहायक जिला आपूर्ति पदाधिकारी एवं प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी लगातार गैस एजेंसियों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की भौतिक जांच कर रहे हैं।

जांच के दौरान जिन प्रतिष्ठानों में अनियमितता या गैस सिलेंडर की अवैध जमाखोरी पाई जा रही है, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।आमजनों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए जिला प्रशासन द्वारा एक नियंत्रण कक्ष भी स्थापित किया गया है। एलपीजी आपूर्ति से संबंधित किसी भी समस्या या सूचना के लिए उपभोक्ता दूरभाष संख्या 06183-223333 पर संपर्क कर सकते हैं।29 मार्च तक नियंत्रण कक्ष में कुल 486 शिकायतें प्राप्त हुई हैं, जिनमें से 423 शिकायतों का त्वरित निष्पादन कर दिया गया है, जबकि शेष शिकायतों पर कार्रवाई जारी है।जिला पदाधिकारी ने सभी उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे संयम बनाए रखें, अफवाहों से बचें और प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करें, ताकि गैस आपूर्ति व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित होती रहेंगी।