जनसरोकारों की छाप छोड़ गए बीडीओ सिद्धार्थ कुमार, भावुक माहौल में दी गई विदाई
राजपुर प्रखंड मुख्यालय के सभाकक्ष में मंगलवार को प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) सिद्धार्थ कुमार के सम्मान में विदाई सह सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों और कर्मचारियों ने उनके तीन वर्षीय कार्यकाल को जनहित, पारदर्शिता और विकास कार्यों के प्रति समर्पित बताते हुए भावभीनी विदाई दी।

केटी न्यूज/राजपुर
राजपुर प्रखंड मुख्यालय के सभाकक्ष में मंगलवार को प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) सिद्धार्थ कुमार के सम्मान में विदाई सह सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों और कर्मचारियों ने उनके तीन वर्षीय कार्यकाल को जनहित, पारदर्शिता और विकास कार्यों के प्रति समर्पित बताते हुए भावभीनी विदाई दी।समारोह की अध्यक्षता बीपीआरओ अभिषेक पाठक ने तथा संचालन स्वच्छता समन्वयक रुपेश सिंह ने किया। कार्यक्रम की शुरुआत उत्क्रमित मध्य विद्यालय उतमपुर के छात्र आदित्य कुमार द्वारा प्रस्तुत विदाई गीत से हुई, जिसने उपस्थित लोगों को भावुक कर दिया।

वक्ताओं ने कहा कि सिद्धार्थ कुमार ने अपने कार्यकाल में आम लोगों के लिए कार्यालय के द्वार हमेशा खुले रखे और समस्याओं के त्वरित समाधान को प्राथमिकता दी। सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने तथा विकास कार्यों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के उनके प्रयासों की सभी ने सराहना की। शिक्षा के क्षेत्र में उनके सहयोग को देखते हुए शिक्षक संघ ने उन्हें सम्मान पत्र भेंट कर उनके योगदान के प्रति आभार व्यक्त किया।

समारोह में शिक्षक नेता ब्रजेश राय, धनंजय मिश्र, अखिलेश राय, मिथिलेश सिंह, ओम प्रकाश सिंह, मुखिया अनिल सिंह, पूर्व मुखिया अमित राय, बीडीसी अलीशेर साह, बबीता कुमारी, बीस सूत्री सदस्य दयानंद सिंह सहित प्रखंड व अंचल के विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। अंत में सभी ने फूल-मालाएं पहनाकर सिद्धार्थ कुमार को नए दायित्व के लिए शुभकामनाएं देते हुए भावभीनी विदाई दी।

