सहयोग शिविर में उमड़ी ग्रामीणों की भीड़, 128 शिकायतें दर्ज, कई मामलों का मौके पर हुआ निस्तारण
मुख्यमंत्री के निर्देश पर पंचायत स्तर पर आयोजित सहयोग शिविरों की श्रृंखला के तहत मंगलवार को डुमरांव प्रखंड की चिलहरी पंचायत में जनसमस्याओं के समाधान को लेकर विशेष शिविर लगाया गया। मध्य विद्यालय परिसर में आयोजित इस शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे और विभिन्न विभागों से जुड़ी अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं।

__ चिलहरी पंचायत में अधिकारियों ने सुनी जनता की समस्याएं, आयुष्मान कार्ड निर्माण से लेकर राजस्व मामलों के समाधान की हुई पहल
केटी न्यूज/डुमरांव।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर पंचायत स्तर पर आयोजित सहयोग शिविरों की श्रृंखला के तहत मंगलवार को डुमरांव प्रखंड की चिलहरी पंचायत में जनसमस्याओं के समाधान को लेकर विशेष शिविर लगाया गया। मध्य विद्यालय परिसर में आयोजित इस शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे और विभिन्न विभागों से जुड़ी अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। शिविर में कुल 128 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें सर्वाधिक मामले राजस्व एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से संबंधित रहे।शिविर का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में सरकारी योजनाओं और सेवाओं को लोगों के द्वार तक पहुंचाना तथा लंबित समस्याओं का त्वरित समाधान करना था। कार्यक्रम में जिला प्रभारी मंत्री नंद किशोर राम ने दीप प्रज्ज्वलित कर शिविर का उद्घाटन किया। इसके बाद विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने अपने-अपने स्टॉल पर पहुंचकर लोगों की शिकायतें और आवेदन स्वीकार किए।

प्राप्त आवेदनों में राजस्व विभाग से जुड़े 32 मामले दर्ज किए गए, जबकि वृद्धावस्था पेंशन एवं अन्य सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से संबंधित 13 आवेदन प्राप्त हुए। राशन कार्ड से जुड़े आठ मामलों पर भी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की गई। स्वास्थ्य विभाग की ओर से विशेष पहल करते हुए 19 पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड मौके पर ही बनाए गए, जिससे लोगों को राहत मिली।शिविर में जिलाधिकारी सहिला, स्थानीय विधायक राहुल सिंह, एसडीएम राकेश कुमार और डीसीएलआर तेज लाल सिंह सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने लोगों को आश्वस्त किया कि प्राप्त आवेदनों पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की जाएगी और पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ सुनिश्चित कराया जाएगा।ग्रामीणों ने भी शिविर को उपयोगी पहल बताया। स्थानीय निवासी उमाकांत राय ने कहा कि शिविर की तैयारी के दौरान गांव में लंबे समय से खराब पड़ा ट्रांसफार्मर बिजली विभाग द्वारा ठीक कर दिया गया।

उन्होंने उम्मीद जताई कि यदि अधिकारी और जनप्रतिनिधि इसी तरह गांवों में पहुंचकर समस्याएं सुनते रहेंगे तो विकास कार्यों में तेजी आएगी और आम लोगों की परेशानियां कम होंगी।शिविर में प्रखंड स्तरीय सभी विभागों के स्टॉल लगाए गए थे, जहां लोगों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ आवेदन स्वीकार किए गए। कार्यक्रम के दौरान बीडीओ संदीप कुमार पांडेय, पुलिस अधीक्षक शुभम आर्या, सीओ कुमार दिनेश, थानाध्यक्ष चंदन कुमार, विद्युत विभाग के एसडीओ राकेश कुमार, मनरेगा पदाधिकारी मुकेश कुमार, सत्यप्रकाश तथा कल्याण पदाधिकारी पिंकी कुमारी समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी और विभागीय मौजूदगी के कारण शिविर प्रशासन और जनता के बीच संवाद का प्रभावी मंच बनकर उभरा।

