सहयोग शिविर में उमड़ी ग्रामीणों की भीड़, दोपहर तक मिले 63 आवेदन
सरकारी योजनाओं का लाभ आम लोगों तक पहुंचाने और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मंगलवार को राजपुर प्रखंड की विभिन्न पंचायतों में सहयोग शिविर आयोजित किए गए। खीरी पंचायत के उच्च विद्यालय परिसर में आयोजित शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे और अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन अधिकारियों को सौंपे।

__ 10 दिनों में समस्याओं के समाधान का प्रशासन ने दिया भरोसा
केटी न्यूज/राजपुर
सरकारी योजनाओं का लाभ आम लोगों तक पहुंचाने और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मंगलवार को राजपुर प्रखंड की विभिन्न पंचायतों में सहयोग शिविर आयोजित किए गए। खीरी पंचायत के उच्च विद्यालय परिसर में आयोजित शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे और अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन अधिकारियों को सौंपे। दोपहर तक कुल 63 आवेदन प्राप्त हुए, जिनके निष्पादन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई।शिविर का उद्घाटन उप विकास आयुक्त निहारिका छवि, मुखिया इंद्रावती देवी तथा बीडीओ सिद्धार्थ कुमार की उपस्थिति में हुआ। बीडीओ ने बताया कि सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पंचायत स्तर पर उपलब्ध कराया जा रहा है तथा शिकायतों के निस्तारण के लिए सभी विभागों के काउंटर लगाए गए हैं।

शिविर में आयुष्मान भारत योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन समेत कई योजनाओं के लाभुकों को स्वीकृति एवं लाभ प्रदान किए गए। ग्रामीणों ने राशन कार्ड, आवास, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, स्वास्थ्य सुविधा और अन्य समस्याओं से जुड़े आवेदन जमा किए।जिला प्रभारी मंत्री नंदकिशोर राम ने कहा कि सरकार समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने लोगों से अपनी समस्याएं संबंधित विभागों के समक्ष रखने की अपील करते हुए आश्वस्त किया कि सभी मामलों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा।जिलाधिकारी साहिला ने कहा कि शिविरों का उद्देश्य लोगों को कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत देना है।

उन्होंने भरोसा दिलाया कि प्राप्त आवेदनों का निष्पादन निर्धारित समय सीमा में किया जाएगा तथा अधिकांश समस्याओं का समाधान 10 दिनों के भीतर करने का प्रयास होगा।पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने में जनता से सहयोग की अपील की। वहीं डीडीसी निहारिका छवि ने कहा कि पंचायत स्तर पर ऐसे शिविर विकास योजनाओं को गति देने के साथ-साथ प्रशासन और जनता के बीच संवाद को मजबूत कर रहे हैं।इधर नागपुर स्थित अंबेडकर परिसर में भी श्रम अधीक्षक संजय कुमार और मुखिया शैलेन्द्र सिंह के नेतृत्व में शिविर आयोजित हुआ, जबकि बारूपुर में डीसीएलआर शशिभूषण ने लाभुकों के बीच राशन कार्ड स्वीकृति पत्र वितरित किए।

