पर्यटन स्थलों के विकास और सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण पर जोर, डीएम ने दिए कई निर्देश
जिलाधिकारी साहिला की अध्यक्षता में शनिवार को समाहरणालय सभाकक्ष में कला एवं संस्कृति विभाग तथा पर्यटन विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में संचालित पर्यटन एवं सांस्कृतिक विकास योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को कई आवश्यक निर्देश दिए गए।


केटी न्यूज/बक्सर :
जिलाधिकारी साहिला की अध्यक्षता में शनिवार को समाहरणालय सभाकक्ष में कला एवं संस्कृति विभाग तथा पर्यटन विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में संचालित पर्यटन एवं सांस्कृतिक विकास योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को कई आवश्यक निर्देश दिए गए।बैठक के दौरान बिहार पर्यटन विकास निगम के कनीय अभियंता ने जानकारी दी कि जिले में वर्तमान समय में चार महत्वपूर्ण योजनाओं पर कार्य प्रगति पर है। इस पर जिलाधिकारी ने सभी निर्माण कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा कराने का निर्देश दिया।

उन्होंने कहा कि पर्यटन स्थलों का समुचित विकास जिले की पहचान को नई दिशा देगा तथा स्थानीय लोगों को भी लाभ मिलेगा।जिलाधिकारी ने अंचल अधिकारी एवं नगर कार्यपालक पदाधिकारी, ब्रह्मपुर को आपसी समन्वय स्थापित कर बाबा ब्रह्मेश्वरनाथ मंदिर परिसर को अधिक सुव्यवस्थित, स्वच्छ एवं आकर्षक बनाने का निर्देश दिया। उन्होंने जिले के सभी नगर निकायों को पर्यटन स्थलों पर विशेष साफ-सफाई अभियान चलाने तथा रंग-रोगन कर वातावरण को आकर्षक बनाने का भी आदेश दिया।बैठक में कला एवं संस्कृति पदाधिकारी ने बताया कि ‘ज्ञान भारतम मिशन’ के तहत जिले में प्राचीन पांडुलिपियों की खोज का कार्य जारी है।

इस पर जिलाधिकारी ने कहा कि इस दिशा में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों को सम्मानित किया जाए, ताकि सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़े।इसके अतिरिक्त जिलाधिकारी ने चौसा गढ़ की व्यापक साफ-सफाई सुनिश्चित कराने, सीताराम उपाध्याय संग्रहालय के विस्तार एवं जीर्णोद्धार के लिए विभागीय स्तर पर समन्वय स्थापित करने तथा निर्माणाधीन अटल कला भवन के कार्यों में तेजी लाने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया।बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे तथा पर्यटन और सांस्कृतिक योजनाओं को प्रभावी ढंग से धरातल पर उतारने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

