रजिस्ट्री शुल्क वृद्धि वापस लेने और नहरों में पानी छोड़ने की मांग, आंदोलन की चेतावनी

बिहार में बढ़ाए गए रजिस्ट्री शुल्क और धान की रोपनी के बीच उत्पन्न सिंचाई संकट को लेकर सोमवार को बक्सर स्थित बहुजन सेना कार्यालय में बहुजन विचारधारा से जुड़े बुद्धिजीवियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सरकार की नीतियों पर चिंता व्यक्त करते हुए रजिस्ट्री शुल्क वृद्धि को आम लोगों के हितों के प्रतिकूल बताया गया, वहीं किसानों को समय पर सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराने की मांग उठाई गई।

रजिस्ट्री शुल्क वृद्धि वापस लेने और नहरों में पानी छोड़ने की मांग, आंदोलन की चेतावनी

केटी न्यूज/बक्सर:

बिहार में बढ़ाए गए रजिस्ट्री शुल्क और धान की रोपनी के बीच उत्पन्न सिंचाई संकट को लेकर सोमवार को बक्सर स्थित बहुजन सेना कार्यालय में बहुजन विचारधारा से जुड़े बुद्धिजीवियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सरकार की नीतियों पर चिंता व्यक्त करते हुए रजिस्ट्री शुल्क वृद्धि को आम लोगों के हितों के प्रतिकूल बताया गया, वहीं किसानों को समय पर सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराने की मांग उठाई गई।बैठक में वक्ताओं ने कहा कि जमीन की खरीद-बिक्री पर रजिस्ट्री शुल्क बढ़ने से मध्यम एवं निम्न आय वर्ग के लोगों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा। सरकार से इस निर्णय पर पुनर्विचार कर शुल्क वृद्धि वापस लेने की मांग की गई। साथ ही कहा गया कि धान की रोपनी का समय चल रहा है, लेकिन सोन नहर और चौसा गंगा पंप कैनाल में पर्याप्त पानी नहीं होने से किसानों की खेती प्रभावित हो रही है।

यदि जल्द पानी की आपूर्ति सुनिश्चित नहीं की गई तो रोपनी का कार्य बाधित होने के साथ किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।बैठक में विभागीय अधिकारियों से सोन नहर और चौसा गंगा पंप कैनाल में तत्काल पानी छोड़ने की मांग की गई। वक्ताओं ने कहा कि किसानों की समस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। निर्णय लिया गया कि यदि शीघ्र प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो संबंधित विभाग के समक्ष चरणबद्ध आंदोलन चलाया जाएगा।बैठक में जनहित के मुद्दों पर संयुक्त रूप से संघर्ष जारी रखने का संकल्प भी लिया गया। इस अवसर पर कांग्रेस ओबीसी जिला अध्यक्ष विनोद कुमार मौर्य, बहुजन सेना के जिला अध्यक्ष सुभाष गौतम, युवा प्रदेश अध्यक्ष जेपी यादव, जिला कार्यक्रम प्रभारी लक्ष्मण सिंह कुशवाहा, कोषाध्यक्ष शिव बहादुर पटेल, रमेश कुमार राजभर समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।