__ छठ की खरीदारी करने बक्सर आ रहा था रवि कुशवाहा, विद्युत उपकेंद्र के पास हुआ हादसा; दूसरा बाइक सवार गंभीर रूप से घायल
केटी न्यूज/बक्सर।
छठ पर्व की तैयारियों और खरीदारी की खुशियों के बीच बक्सर-इटाढ़ी मार्ग पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। इटाढ़ी थाना क्षेत्र के विद्युत उपकेंद्र के समीप तेज रफ्तार दो बाइक की आमने-सामने टक्कर में 28 वर्षीय युवक रवि कुशवाहा की जान चली गई,

जबकि दूसरा बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की खबर मिलते ही मृतक के गांव में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मृतक की पहचान धनसोई थाना क्षेत्र के अमरपुर गांव निवासी महादेव कुशवाहा के पुत्र रवि कुशवाहा के रूप में हुई है। वहीं, घायल बाइक सवार की पहचान इटाढ़ी निवासी विकास कुमार के रूप में की गई है। उसका इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है।

मिली जानकारी के अनुसार, रवि कुशवाहा छठ पर्व को लेकर खरीदारी करने अपने एक दोस्त के साथ बाइक से बक्सर आ रहा था। इसी दौरान इटाढ़ी की तरफ से विकास कुमार भी किसी काम से बाइक लेकर जा रहा था। दोनों जब इटाढ़ी विद्युत उपकेंद्र के समीप पहुंचे, तभी तेज रफ्तार के कारण उनकी बाइकों में आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइक सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से जख्मी हो गए।

हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोग तत्काल मदद के लिए पहुंचे और स्थानीय लोगों के सहयोग से दोनों घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने रवि कुशवाहा को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल विकास कुमार का उपचार जारी है।
पर्व की तैयारी के बीच घर पहुंची मौत की खबर

जिस घर में छठ पर्व को लेकर तैयारियां चल रही थीं, वहां रवि की मौत की खबर पहुंचते ही चीख-पुकार मच गई। परिवार के लोग पर्व की खरीदारी और खुशियों के इंतजार में थे, लेकिन एक सड़क हादसे ने उनकी सारी खुशियां छीन लीं। गांव में भी इस असामयिक मौत से मातम पसरा हुआ है।

यह हादसा एक बार फिर सड़क पर तेज रफ्तार के खतरों को उजागर करता है। पर्व-त्योहार के दौरान सड़कों पर बढ़ती आवाजाही के बीच थोड़ी सी लापरवाही भी किसी परिवार के लिए जिंदगी भर का दर्द बन सकती है।



टिप्पणियां 0
टिप्पणी एडमिन की मंज़ूरी के बाद सबको दिखेगी। अभद्र भाषा का प्रयोग न करें।