पुराना भोजपुर बाजार में ‘बेकाबू’ ई-रिक्शा का कहर, किसान को रौंदा
पुराना भोजपुर बाजार में यातायात अव्यवस्था एक बार फिर हादसे की वजह बनी। बुधवार सुबह खेत जाने निकले 52 वर्षीय किसान राम पूजन यादव को तेज रफ्तार और लापरवाही से चल रहे ई-रिक्शा ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वह सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद बाजार में अफरातफरी मच गई।
केटी न्यूज/डुमरांव
पुराना भोजपुर बाजार में यातायात अव्यवस्था एक बार फिर हादसे की वजह बनी। बुधवार सुबह खेत जाने निकले 52 वर्षीय किसान राम पूजन यादव को तेज रफ्तार और लापरवाही से चल रहे ई-रिक्शा ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वह सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद बाजार में अफरातफरी मच गई।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाजार क्षेत्र में ई-रिक्शा चालकों की मनमानी लंबे समय से समस्या बनी हुई है। संकरी सड़क, भीड़भाड़ और उस पर बेतरतीब दौड़ते ई-रिक्शा हादसों को न्योता दे रहे हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि सुबह-शाम के व्यस्त समय में हालात और भी खतरनाक हो जाते हैं, लेकिन प्रशासनिक स्तर पर कोई ठोस पहल नजर नहीं आती।घायल किसान को परिजन अनुमंडल अस्पताल ले गए, जहां उनका इलाज जारी है। परिजनों ने चालक की पहचान होने की बात कही है और थाने में आवेदन देकर कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।इधर नया भोजपुर थाना ने स्पष्ट किया है कि आवेदन मिलते ही विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। सवाल यह है कि क्या हर हादसे के बाद ही व्यवस्था जागेगी? बाजार क्षेत्र में ट्रैफिक नियंत्रण, निर्धारित स्टैंड और सख्त निगरानी की मांग अब तेज हो गई है। स्थानीय लोग चेतावनी दे रहे हैं कि यदि जल्द ठोस कदम नहीं उठाए गए तो ऐसे हादसे दोहराते रहेंगे।

