खड़े ट्रक के नीचे समा गई बाइक, दो युवकों की दर्दनाक मौत
चौसा-कोचस मार्ग रविवार की शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे का गवाह बना। अखौरीपुर गोला और कोचाढ़ी के बीच यादव ढाबा के समीप तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक के नीचे जा घुसी। हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद घटनास्थल पर अफरातफरी मच गई और देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण जुट गए।


__ चौसा-कोचस मार्ग पर हादसे के बाद एक घंटे तक जाम रहा रास्ता, पुलिस के समझाने पर शांत हुए ग्रामीण
केटी न्यूज/चौसा।
चौसा-कोचस मार्ग रविवार की शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे का गवाह बना। अखौरीपुर गोला और कोचाढ़ी के बीच यादव ढाबा के समीप तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक के नीचे जा घुसी। हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद घटनास्थल पर अफरातफरी मच गई और देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण जुट गए।मृतकों की पहचान राजपुर थाना क्षेत्र के कोचाढ़ी गांव निवासी नुनु नट के 22 वर्षीय पुत्र योगा उर्फ बबलू नट तथा उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले के सजना-सलारपुर गांव निवासी मुनर नट के 32 वर्षीय पुत्र सुहैल नट के रूप में हुई है। बताया गया कि सुहैल नट रिश्तेदारी में अपनी ससुराल आया हुआ था।

परिजनों के अनुसार, दोनों युवक रविवार की शाम बाइक से चौसा गोला की ओर से कोचाढ़ी स्थित घर लौट रहे थे। इसी दौरान यादव ढाबा के पास बाइक सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक ट्रक के नीचे जा घुसी और दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी।सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और दोनों युवकों को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।

इधर, पुलिस द्वारा शवों को अस्पताल भेजे जाने के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने चौसा-कोचस मार्ग जाम कर दिया। करीब एक घंटे तक सड़क पर वाहनों की आवाजाही बाधित रही। ग्रामीण हादसे को लेकर आक्रोश जताते हुए मौके पर खड़े ट्रक और सड़क सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठा रहे थे।पुलिस पदाधिकारी एवं प्रभारी ने ग्रामीणों को समझाकर जाम समाप्त कराया। पुलिस ने बताया कि करीब एक घंटे बाद लोगों को समझाने पर यातायात बहाल करा दिया गया। मामले की जांच कीन जा रही है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

