86 कृषि यंत्रों से आसान होगी खेती, योजनाओं की जानकारी लेकर किसान हुए जागरूक
खेती को कम लागत और अधिक तकनीकी दक्षता के साथ करने की दिशा में किसानों को जागरूक करने के लिए बुधवार को प्रखंड कृषि कार्यालय स्थित सभागार में कृषि गोष्ठी का आयोजन किया गया। आत्मा के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में किसानों को आधुनिक कृषि यंत्रों के इस्तेमाल से लेकर खरीफ फसलों में रोग-कीट नियंत्रण और सरकारी योजनाओं का लाभ लेने तक की विस्तृत जानकारी दी गई।


__कृषि गोष्ठी में खरीफ फसलों को रोग-कीट से बचाने के साथ वर्मी कम्पोस्ट और फसल सहायता योजना पर भी हुई चर्चा
केटी न्यूज/बक्सर।
खेती को कम लागत और अधिक तकनीकी दक्षता के साथ करने की दिशा में किसानों को जागरूक करने के लिए बुधवार को प्रखंड कृषि कार्यालय स्थित सभागार में कृषि गोष्ठी का आयोजन किया गया। आत्मा के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में किसानों को आधुनिक कृषि यंत्रों के इस्तेमाल से लेकर खरीफ फसलों में रोग-कीट नियंत्रण और सरकारी योजनाओं का लाभ लेने तक की विस्तृत जानकारी दी गई।गोष्ठी की अध्यक्षता प्रखंड कृषि पदाधिकारी राकेश कुमार ने की। कार्यक्रम का उद्घाटन प्रखंड प्रमुख सुनीता राय, बनारपुर मुखिया ममता देवी, एफसीआई अध्यक्ष एवं प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि बदलते कृषि परिवेश में पारंपरिक खेती के साथ वैज्ञानिक तकनीक को अपनाना जरूरी है।

आधुनिक कृषि यंत्रों के इस्तेमाल से जहां श्रम और समय की बचत होती है, वहीं खेती की लागत को भी नियंत्रित करने में मदद मिलती है।कृषि अधिकारियों ने किसानों को खरीफ फसलों में होने वाले प्रमुख रोगों और कीटों की पहचान के तरीके बताए। साथ ही फसल में प्रकोप दिखाई देने पर तत्काल विशेषज्ञों से सलाह लेने की बात कही गई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बिना जानकारी के कीटनाशकों का प्रयोग करने के बजाय अनुशंसित दवाओं और निर्धारित मात्रा का ही इस्तेमाल किया जाना चाहिए।गोष्ठी में कृषि यंत्रीकरण योजना पर विशेष जोर रहा। किसानों को 86 प्रकार के कृषि यंत्रों की उपलब्धता और अनुदान से संबंधित जानकारी दी गई। बताया गया कि कृषि यंत्रों के लिए ऑनलाइन पोर्टल खुला है।

इच्छुक किसान निर्धारित प्रक्रिया के तहत ऑनलाइन आवेदन कर योजना का लाभ उठा सकते हैं।इसके अलावा वर्मी कम्पोस्ट यूनिट लगाने की प्रक्रिया, जैविक खाद के उपयोग तथा प्रधानमंत्री फसल सहायता योजना के संबंध में भी किसानों को जानकारी दी गई। अधिकारियों ने किसानों से निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन करने की अपील की।मौके पर कृषि समन्वयक प्रमोद सिंह, शशि भूषण सिंह, प्रमोद राय, रमेश सिंह, बीटीएम अमृता कुमारी, जितेंद्र कुमार मौर्य सहित किसान सलाहकार और बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।

