ट्रेन की चपेट में आने से अधेड़ का पैर कटा, अस्पताल पहुंचते ही थम गई सांस
टुड़ीगंज रेलवे स्टेशन के पूरब बुधवार की शाम अप लाइन पर हुए हादसे में एक अधेड़ की दर्दनाक मौत हो गई। पैसेंजर ट्रेन की चपेट में आने से अधेड़ गंभीर रूप से जख्मी हो गया और उसका एक पैर कट गया। हादसे के बाद वह काफी देर तक घायल अवस्था में रेलवे ट्रैक के समीप पड़ा रहा।

__ टुड़ीगंज स्टेशन के पूरब अप लाइन पर हुआ हादसा, पुलिस ने शुरू की घटना की जांच
केटी न्यूज/कृष्णाब्रह्म।
टुड़ीगंज रेलवे स्टेशन के पूरब बुधवार की शाम अप लाइन पर हुए हादसे में एक अधेड़ की दर्दनाक मौत हो गई। पैसेंजर ट्रेन की चपेट में आने से अधेड़ गंभीर रूप से जख्मी हो गया और उसका एक पैर कट गया। हादसे के बाद वह काफी देर तक घायल अवस्था में रेलवे ट्रैक के समीप पड़ा रहा।घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। इसी दौरान एम्बुलेंस सेवा में तैनात एमटी सोनल सिंह और चालक मनोज कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे। दोनों ने गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को बिना देर किए एम्बुलेंस से डुमरांव अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया।

वहां चिकित्सकों ने तत्काल इलाज शुरू किया, लेकिन उसकी हालत लगातार गंभीर बनी रही। इलाज के दौरान ही उसने दम तोड़ दिया।मृतक की पहचान बगेन थाना क्षेत्र के बरुहां गांव निवासी कपिल सिंह यादव के 40 वर्षीय पुत्र राजेश सिंह के रूप में हुई है। मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।इधर, घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि राजेश सिंह रेलवे ट्रैक पर किस परिस्थिति में पहुंचे और किस तरह पैसेंजर ट्रेन की चपेट में आए। हादसे के कारणों की जांच के साथ पुलिस घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल कर रही है।

