बिजली के तार ने बुझा दिया घर का चिराग

बड़का ढकाइच गांव में सोमवार को बिजली के खुले और खतरनाक तार ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। मकान की छत से गुजर रहे 11 हजार वोल्ट के विद्युत प्रवाहित तार की चपेट में आने से 30 वर्षीय युवक रत्न भारती की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद गांव में अफरातफरी मच गई, जबकि मृतक के घर में कोहराम मचा हुआ है।

बिजली के तार ने बुझा दिया घर का चिराग

__ छत पर मौत बनकर दौड़ रहा था 11 हजार वोल्ट का तार, युवक की मौके पर ही गई जान

केटी न्यूज/कृष्णाब्रह्म

बड़का ढकाइच गांव में सोमवार को बिजली के खुले और खतरनाक तार ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। मकान की छत से गुजर रहे 11 हजार वोल्ट के विद्युत प्रवाहित तार की चपेट में आने से 30 वर्षीय युवक रत्न भारती की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद गांव में अफरातफरी मच गई, जबकि मृतक के घर में कोहराम मचा हुआ है।मृतक की पहचान रमसर मठिया गांव निवासी ओम प्रकाश भारती के पुत्र रत्न भारती के रूप में हुई है। बताया जाता है कि रत्न भारती सोमवार को एक बिजली मिस्त्री के साथ बड़का ढकाइच गांव गया था। वहां एक मकान की छत से होकर 11 हजार वोल्ट का विद्युत तार गुजर रहा था। इसी दौरान युवक किसी काम से छत पर गया और विद्युत प्रवाहित तार के संपर्क में आ गया।

तार की चपेट में आते ही युवक गंभीर रूप से झुलस गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना अचानक हुआ कि आसपास मौजूद लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। घटना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। लोगों ने तत्काल इसकी सूचना कृष्णाब्रह्म थाना पुलिस को दी।सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। पुलिस हादसे के कारणों और घटनाक्रम की जांच कर रही है।

इधर, रत्न की मौत की खबर जैसे ही रमसर मठिया गांव स्थित उसके घर पहुंची, परिवार में चीख-पुकार मच गई। स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है। अचानक हुई इस मौत से ग्रामीण भी स्तब्ध हैं। घटना ने मकानों की छतों के ऊपर से गुजर रहे हाईटेंशन तारों की सुरक्षा और बिजली विभाग की व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।