छत के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन बनी काल, सात वर्षीय बच्ची की करंट लगने से मौत

राजपुर थाना क्षेत्र के मंगरांव गांव में रविवार को छत के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन एक सात वर्षीय मासूम के लिए काल बन गई। करंट की चपेट में आने से बच्ची की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद गांव में मातम पसर गया, जबकि आक्रोशित ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए ईसापुर-खीरी मुख्य मार्ग जाम कर विरोध प्रदर्शन किया।

छत के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन बनी काल, सात वर्षीय बच्ची की करंट लगने से मौत

केटी न्यूज/राजपुर :

राजपुर थाना क्षेत्र के मंगरांव गांव में रविवार को छत के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन एक सात वर्षीय मासूम के लिए काल बन गई। करंट की चपेट में आने से बच्ची की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद गांव में मातम पसर गया, जबकि आक्रोशित ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए ईसापुर-खीरी मुख्य मार्ग जाम कर विरोध प्रदर्शन किया।मृत बच्ची की पहचान मंगरांव निवासी अजीत साह की सात वर्षीय पुत्री प्रीति कुमारी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार प्रीति खेलते-खेलते घर की छत पर चली गई। इसी दौरान छत के ऊपर से गुजर रहे हाईटेंशन तार की चपेट में आ गई और गंभीर रूप से झुलस गई। परिजन उसे तत्काल इलाज के लिए निजी क्लीनिक ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

ग्रामीणों का आरोप है कि संबंधित मकान के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन को हटाने अथवा सुरक्षा के लिए इंसुलेटेड कवर लगाने की मांग कई बार बिजली विभाग से की गई थी। उनका कहना है कि पहले भी इस तार से करंट लगने की घटनाएं हो चुकी थीं, लेकिन विभाग ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। इसी लापरवाही के कारण एक मासूम की जान चली गई।घटना की सूचना पर राजपुर थाना अध्यक्ष निवास कुमार एवं एसआई सुभाष कुमार मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इधर, ग्रामीणों ने बिजली विभाग के विरुद्ध कार्रवाई, जर्जर तार बदलने तथा मकानों के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन को हटाने की मांग करते हुए प्रशासन को लिखित आवेदन सौंपा। अधिकारियों ने मामले में आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।