पट्टीदार के घर शादी में शामिल होने की खुशी मातम में बदली, चौसा स्टेशन पर महिला की मौत

पट्टीदार के घर शादी समारोह में शामिल होने की खुशी एक परिवार के लिए पलभर में मातम में बदल गई। रविवार की सुबह चौसा रेलवे स्टेशन पर हुए दर्दनाक हादसे में 61 वर्षीय महिला की जान चली गई। चलती ट्रेन से उतरने की जल्दबाजी में महिला का संतुलन बिगड़ गया और वह ट्रेन की चपेट में आ गई। हादसे में उसका दाहिना पैर कट गया।

पट्टीदार के घर शादी में शामिल होने की खुशी मातम में बदली, चौसा स्टेशन पर महिला की मौत

__ चलती ट्रेन से उतरने की कोशिश में हादसा, ट्रेन की चपेट में आने से कटा दाहिना पैर; वाराणसी ले जाने के दौरान तोड़ा दम

केटी न्यूज/चौसा।

पट्टीदार के घर शादी समारोह में शामिल होने की खुशी एक परिवार के लिए पलभर में मातम में बदल गई। रविवार की सुबह चौसा रेलवे स्टेशन पर हुए दर्दनाक हादसे में 61 वर्षीय महिला की जान चली गई। चलती ट्रेन से उतरने की जल्दबाजी में महिला का संतुलन बिगड़ गया और वह ट्रेन की चपेट में आ गई। हादसे में उसका दाहिना पैर कट गया। गंभीर हालत में उसे सदर अस्पताल से वाराणसी रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद स्टेशन पर अफरा-तफरी मच गई।मृतका की पहचान इटाढ़ी थाना क्षेत्र के सुकरवलिया गांव निवासी स्व. सहाबुद्दीन अंसारी की पत्नी जखीरा खातून के रूप में हुई है। हालांकि, महिला अपने परिवार के साथ उत्तर प्रदेश के भदोही में रहती थी। रविवार को सुकरवालिया गांव में उसके पट्टीदार के घर शादी समारोह आयोजित था। इसी में शामिल होने के लिए वह परिवार के अन्य सदस्यों के साथ भदोही से निकली थी।

__प्लेटफॉर्म पर उतरने की जल्दबाजी बनी जानलेवा

जानकारी के अनुसार, परिवार के लोग पहले भदोही से मुगलसराय पहुंचे और वहां से पैसेंजर ट्रेन पकड़कर चौसा के लिए रवाना हुए। रविवार सुबह करीब आठ बजे ट्रेन चौसा स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर दो पर पहुंची। इसी दौरान जखीरा खातून ने जल्दबाजी में चलती ट्रेन से उतरने का प्रयास किया। तभी उनका संतुलन बिगड़ गया और कपड़े फंसने के कारण उनका पैर ट्रेन के नीचे चला गया। इस हादसे में उनका दाहिना पैर कट गया और वह गंभीर रूप से घायल हो गईं।

__सदर अस्पताल से वाराणसी रेफर, रास्ते में मौत

हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों और परिजनों के बीच अफरा-तफरी मच गई। घायल महिला को तत्काल इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया गया। उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने बेहतर उपचार के लिए वाराणसी रेफर कर दिया। हालांकि, वाराणसी ले जाने के दौरान ही उन्होंने दम तोड़ दिया। शादी की खुशियों में शामिल होने निकली जखीरा खातून की मौत से परिवार में मातम पसर गया।