दवा खरीदकर घर लौट रहा था रोहित, ज्ञान ज्योति पब्लिक स्कूल के समीप पीछे से स्कॉर्पियो ने मारी टक्कर
केटी न्यूज/नावानगर
स्थानीय थाना क्षेत्र के एनएच-120 स्थित डुमरांव-बिक्रमगंज पथ पर ज्ञान ज्योति पब्लिक स्कूल के समीप शुक्रवार को सड़क दुर्घटना में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान रूपसागर गांव निवासी छठू सिंह के पुत्र रोहित कुमार के रूप में हुई है। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया, वहीं गांव में शोक की लहर दौड़ गई। मिली जानकारी के अनुसार, रोहित कुमार किसी काम से नावानगर बाजार आया था।

बाजार से दवा खरीदने के बाद वह बाइक से अपने गांव रूपसागर लौट रहा था। इसी दौरान ज्ञान ज्योति पब्लिक स्कूल के समीप पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से रोहित सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से जख्मी हो गया। घटना के बाद मौके पर आसपास के ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने पुलिस की मदद से घायल युवक को तत्काल इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नावानगर पहुंचाया।

हालांकि, वहां जांच के बाद चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस संबंध में नावानगर थानाध्यक्ष प्रफुल्ल कुमार ने बताया कि सड़क दुर्घटना में एक युवक की मौत हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कागजी प्रक्रिया शुरू कर दी है। घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।




टिप्पणियां 0
टिप्पणी एडमिन की मंज़ूरी के बाद सबको दिखेगी। अभद्र भाषा का प्रयोग न करें।