
-- धनसोई थाना क्षेत्र के करैला टोला गांव की घटना, गांव में मातम का माहौल
केटी न्यूज/बक्सर
जिले के धनसोई थाना क्षेत्र अंतर्गत करैला टोला गांव में शनिवार सुबह एक महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान रजनी कुमारी के रूप में हुई है, जो गांव के सुरेंद्र चौधरी की पत्नी थीं।परिजनों के मुताबिक, शुक्रवार रात रजनी सभी के साथ सामान्य रूप से व्यवहार कर रही थी। उसका पति खाना खाने के बाद घर के बाहर सो गया था।

सुबह जब काफी देर तक दरवाजा नहीं खुला, तो परिवार वालों को शक हुआ। अंदर झांककर देखा गया तो रजनी पंखे से लटकी मिली। सूचना मिलते ही धनसोई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर शव को बाहर निकाला। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए बक्सर सदर अस्पताल भेज दिया गया। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।

आत्महत्या के पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस हर पहलु से जांच कर रही है। रजनी कुमारी का मायका रोहतास जिले के दिनारा थाना क्षेत्र के सुंदरबन गांव में है। घटना की जानकारी मिलते ही मायके से भी परिजन करैला टोला पहुंच गए।

धनसोई थानाध्यक्ष संतोष कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है। परिजनों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल किसी तरह की लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।





टिप्पणियां 0
टिप्पणी एडमिन की मंज़ूरी के बाद सबको दिखेगी। अभद्र भाषा का प्रयोग न करें।