मिशन प्रभाकिरण से जगमगाएगा बक्सर, सौर ऊर्जा अपनाने के लिए घर-घर दस्तक दे रहे वार्ड पार्षद
बिजली बिल से राहत और स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने की दिशा में बक्सर में मिशन प्रभाकिरण के तहत जनजागरूकता अभियान तेज कर दिया गया है। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना को जन-जन तक पहुंचाने के लिए जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। डीएम साहिला के निर्देश पर चल रहे इस अभियान में नगर निकायों के वार्ड पार्षद अहम भूमिका निभा रहे हैं।

__ प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना को लेकर तेज हुआ जनजागरूकता अभियान, छतों पर सोलर रूफटॉप सिस्टम लगाने के लिए लोगों को कर रहे प्रेरित; योजना के लाभ और सब्सिडी की दी जा रही जानकारी
केटी न्यूज/बक्सर।
बिजली बिल से राहत और स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने की दिशा में बक्सर में मिशन प्रभाकिरण के तहत जनजागरूकता अभियान तेज कर दिया गया है। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना को जन-जन तक पहुंचाने के लिए जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। डीएम साहिला के निर्देश पर चल रहे इस अभियान में नगर निकायों के वार्ड पार्षद अहम भूमिका निभा रहे हैं। पार्षद घर-घर दस्तक देकर लोगों को सौर ऊर्जा के फायदे बता रहे हैं और उन्हें अपने मकानों की छतों पर सोलर रूफटॉप सिस्टम लगवाने के लिए प्रेरित कर रहे हैं।

अभियान का मुख्य उद्देश्य अधिक से अधिक शहरी परिवारों को योजना से जोड़ना और सौर ऊर्जा के प्रति लोगों की झिझक दूर करना है। इसके तहत वार्ड पार्षद अपने-अपने क्षेत्रों में नागरिकों से सीधा संवाद स्थापित कर रहे हैं। लोगों को बताया जा रहा है कि प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के माध्यम से घरों में सोलर सिस्टम लगवाकर बिजली खर्च में उल्लेखनीय बचत की जा सकती है। इसके साथ ही सरकार की ओर से मिलने वाली वित्तीय सहायता, योजना की पात्रता और आवेदन की प्रक्रिया की भी जानकारी दी जा रही है।

__स्थानीय स्तर पर पार्षद बने अभियान की मजबूत कड़ी
मिशन प्रभाकिरण की सफलता के लिए वार्ड पार्षद केवल जागरूकता फैलाने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि इच्छुक परिवारों को योजना से जोड़ने और आवेदन की प्रक्रिया में आ रही परेशानियों को दूर कराने में भी सहयोग कर रहे हैं। इसके लिए संबंधित पदाधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित किया जा रहा है, ताकि लोगों को योजना का लाभ लेने में अनावश्यक कठिनाइयों का सामना नहीं करना पड़े।जिला प्रशासन ने वार्ड पार्षदों की सक्रियता, सकारात्मक पहल और जनहित में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की है। प्रशासन का मानना है कि जनप्रतिनिधियों की भागीदारी से सरकारी योजनाओं की पहुंच समाज के अंतिम व्यक्ति तक सुनिश्चित की जा सकती है। अभियान को गति देने के लिए नगर निकायों के पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और संबंधित कर्मियों से आपसी तालमेल के साथ काम करने की अपेक्षा की गई है।

__प्रशासन की अपील, सौर ऊर्जा अपनाने में न करें देरी
जिला प्रशासन ने बक्सर के सभी शहरी परिवारों से प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का लाभ उठाने की अपील की है। लोगों से अपने घरों की छतों पर सोलर रूफटॉप सिस्टम लगवाने के लिए आवेदन करने का आग्रह किया गया है। प्रशासन के अनुसार, यह पहल न केवल घरेलू बिजली खर्च कम करने में मददगार होगी, बल्कि स्वच्छ एवं नवीकरणीय ऊर्जा को बढ़ावा देकर पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण योगदान देगी।प्रशासन ने जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों से मिशन प्रभाकिरण से जुड़कर अभियान को जनआंदोलन का रूप देने की अपील की है। अब लक्ष्य है कि बक्सर का हर पात्र परिवार सौर ऊर्जा की संभावनाओं से परिचित हो और बिजली के मामले में आत्मनिर्भर बनने की दिशा में कदम बढ़ाए।


