25 अगस्त से हर माह लगेगा विद्यार्थी सहयोग शिविर, 30 दिनों में होगा शिकायतों का निपटारा
सात निश्चय-03 के तहत “सबका सम्मान, जीवन आसान” के लक्ष्य को धरातल पर उतारने की दिशा में जिले में विद्यार्थियों के लिए नई पहल शुरू की जा रही है। इसके तहत प्रत्येक माह के चतुर्थ मंगलवार को विद्यार्थी सहयोग शिविर आयोजित किया जाएगा। जिले में पहला शिविर 25 अगस्त को आयोजित होगा।

__ सरकारी शिक्षण संस्थानों में विद्यार्थियों की समस्याओं और सुझावों के लिए शुरू होगी व्यवस्था, असंतुष्ट छात्र राज्य स्तर पर मुख्यमंत्री के समक्ष रख सकेंगे मामला
केटी न्यूज/बक्सर।
सात निश्चय-03 के तहत “सबका सम्मान, जीवन आसान” के लक्ष्य को धरातल पर उतारने की दिशा में जिले में विद्यार्थियों के लिए नई पहल शुरू की जा रही है। इसके तहत प्रत्येक माह के चतुर्थ मंगलवार को विद्यार्थी सहयोग शिविर आयोजित किया जाएगा। जिले में पहला शिविर 25 अगस्त को आयोजित होगा। शिविर के माध्यम से विद्यार्थी अपनी शैक्षणिक समस्याओं की शिकायत दर्ज कराने के साथ शिक्षा व्यवस्था में सुधार को लेकर सुझाव भी दे सकेंगे।विद्यार्थी सहयोग शिविर का आयोजन जिले के सभी सरकारी शैक्षणिक संस्थानों में किया जाएगा। इनमें अंगीभूत महाविद्यालय, अभियंत्रण महाविद्यालय, चिकित्सा महाविद्यालय, पॉलिटेक्निक, आईटीआई, पारा मेडिकल कॉलेज, नर्सिंग स्कूल तथा विभिन्न कल्याण विभागों के छात्रावास शामिल हैं। इसके अलावा कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय एवं छात्रावासों में भी शिविर आयोजित किए जाएंगे।

__शिकायतों का 30 दिनों में होगा निपटारा
शिविर और विद्यार्थी सहयोग पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों का अंतिम निस्तारण निर्धारित प्रावधानों के तहत अधिकतम 30 दिनों में किया जाएगा। विद्यार्थियों द्वारा शिक्षा व्यवस्था में सुधार को लेकर दिए गए सुझावों को जिला शिक्षा पदाधिकारी समेकित करेंगे। उपलब्ध योजनाओं के तहत लागू किए जा सकने वाले सुझावों पर जिला स्तर से कार्रवाई की जाएगी, जबकि अन्य सुझावों को उच्चस्तरीय शिक्षा सुधार समिति के समक्ष भेजा जाएगा।

__असंतुष्ट छात्र मुख्यमंत्री के समक्ष रख सकेंगे मामला
पोर्टल पर शिकायत के निस्तारण से असंतुष्ट विद्यार्थी प्रत्येक माह के द्वितीय मंगलवार को आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के समक्ष अपनी शिकायत की सुनवाई करा सकेंगे।जिला शिक्षा पदाधिकारी इन्द्र कुमार कर्ण को विद्यार्थी सहयोग पोर्टल का नोडल पदाधिकारी बनाया गया है। उनके सहयोग के लिए जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, समग्र शिक्षा अभियान एवं योजना एवं लेखा को जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, आवेदनों के अनुश्रवण के लिए उप विकास आयुक्त की अध्यक्षता में विशेष अनुश्रवण कोषांग गठित किया गया है। संबंधित पदाधिकारी शिविरों की निगरानी कर आयोजन के दिन समेकित प्रतिवेदन तैयार कर प्रशासी विभाग को भेजेंगे।

