नाजीर महेंद्र प्रसाद की मौत से मर्माहत दिखे प्रखंड कार्यालय के कर्मी, जताया शोक

सिमरी प्रखंड मुख्यालय में शुक्रवार को उस समय मातम छा गया, जब जिला पंचायती राज कार्यालय में नाजीर पद पर कार्यरत महेंद्र प्रसाद के निधन की सूचना कर्मचारियों तक पहुंची। लगभग 11 बजे उनके असामयिक निधन की खबर फैलते ही प्रखंड परिसर में शोक और स्तब्धता का माहौल पसर गया।

नाजीर महेंद्र प्रसाद की मौत से मर्माहत दिखे प्रखंड कार्यालय के कर्मी, जताया शोक

केटी न्यूज/सिमरी

सिमरी प्रखंड मुख्यालय में शुक्रवार को उस समय मातम छा गया, जब जिला पंचायती राज कार्यालय में नाजीर पद पर कार्यरत महेंद्र प्रसाद के निधन की सूचना कर्मचारियों तक पहुंची। लगभग 11 बजे उनके असामयिक निधन की खबर फैलते ही प्रखंड परिसर में शोक और स्तब्धता का माहौल पसर गया।

जानकारी के अनुसार, महेंद्र प्रसाद बीते तीन दिनों से बनारस में उपचाराधीन थे। स्वास्थ्य संबंधी जटिलताओं के बीच उन्हें अचानक हार्ट अटैक आया, जिससे उनकी मौत हो गई। जैसे ही यह सूचना बक्सर जिला पंचायती राज कार्यालय और सिमरी प्रखंड कर्मचारियों तक पहुंची, सभी लोग गहरे सदमे में आ गए।

प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) प्रशांत कुमार सहित प्रखंड के सभी शाखाओं, अंचल, प्रखंड और पंचायत से जुड़े कर्मचारियों ने प्रखंड मुख्यालय पर एकत्र होकर दिवंगत आत्मा की शांति हेतु दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की। उपस्थित कर्मचारियों ने महेंद्र प्रसाद के व्यक्तित्व को याद करते हुए कहा कि वे अत्यंत मिलनसार, शांत स्वभाव और कर्तव्यनिष्ठ अधिकारी थे, जिनकी अनुपस्थिति लंबे समय तक महसूस की जाएगी।

प्रखंड कर्मचारियों ने बताया कि वित्तीय वर्ष पूर्व महेंद्र प्रसाद सिमरी आंचल में नजीर के पद पर कार्यरत थे। बाद में उनका स्थानांतरण डुमरांव अनुमंडल में हुआ, जहां उन्होंने अपनी सेवाएं कुशलतापूर्वक दीं। इसके बाद वे जिला पंचायती राज कार्यालय, बक्सर में नजीर के रूप में तैनात थे। हर पदस्थापना पर उन्होंने अपनी ईमानदार कार्यशैली, सहज व्यवहार और सादगी के कारण सहकर्मियों के बीच अलग पहचान बनाई।

कर्मचारियों का कहना है कि महेंद्र प्रसाद न केवल अच्छे अधिकारी थे बल्कि एक संवेदनशील और मददगार इंसान भी थे। उनकी कमी न केवल विभागीय स्तर पर बल्कि व्यक्तिगत रूप से भी सभी को खलेगी। प्रखंड मुख्यालय में पूरे दिन वातावरण गमगीन रहा और कर्मचारी उनकी स्मृतियों को साझा करते रहे। महेंद्र प्रसाद के निधन से जिला पंचायती राज विभाग और सिमरी प्रखंड ने एक समर्पित अधिकारी को खो दिया है, जिसकी पूर्ति लंबे समय तक संभव नहीं होगी।