बच्चा चोर के शक में मोहल्लेवासियों ने महिला को पकड़ पुलिस को सौंपा, जांच के बाद पुलिस ने छोड़ा
अनुमंडल इलाके में बच्चा चोरी की अफवाहे थमने का नाम नहीं ले रही है। डुमरांव के रजई मिश्र की गली से शनिवार की शाम मोहल्लेवासियों ने एक महिला को बच्चा चोर के शक में पकड़ लिया। मोहल्लेवासियों ने महिला को पकड़ उसे स्थानीय पुलिस के हवाल कर दिया।

केटी न्यूज/डुमरांव
अनुमंडल इलाके में बच्चा चोरी की अफवाहे थमने का नाम नहीं ले रही है। डुमरांव के रजई मिश्र की गली से शनिवार की शाम मोहल्लेवासियों ने एक महिला को बच्चा चोर के शक में पकड़ लिया। मोहल्लेवासियों ने महिला को पकड़ उसे स्थानीय पुलिस के हवाल कर दिया।हालांकि, पुलिस की जांच में लोगों का आरोप निर्मूल साबित हुआ। महिला डुमरांव के ही किसी दूसरे मोहल्ले की रहने वाली निकली तथा कई लोगाें ने उसकी पहचान कर इस बात की पुष्टि की कि वह कोई बच्चा चोर नहीं है।

गौरतल हो कि इसके पूर्व अनुमंडल के कई थाना क्षेत्रों में बच्चा चोर के शक में लोगों द्वारा अलग-अलग लोगों को पकड़ पुलिस के हवाले किया जा चुका है, लेकिन किसी मामले में भी इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है। अभी हाल के दिनों में ही कोरानसराय थाना क्षेत्र के गड़ही डेरा के समीप वाराणसी के प्रसिद्ध काशी विश्वनाथ मंदिर के एक पंडा को पकड़ लोगों ने कोरानसराय पुलिस के हवाले किया था। वहीं, सिकरौल, ब्रह्मपुर सहित कई थाना क्षेत्रों में ऐसी घटनाएं घटित हो चुकी है।

डुमरांव थानाध्यक्ष संजय कुमार सिन्हा ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि पूछताछ के बाद महिला को छोड़ दिया गया है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि वे किसी तरह की अफवाहों में ध्यान न दे तथा किसी अपरिचित को बच्चा चोर समझ उसे शारीरिक व मानसिक कष्ट न पहुंचाए। थानाध्यक्ष ने कहा कि बिहार पुलिस तथा बक्सर पुलिस द्वारा पहले बच्चा चोर की अफवाहों से दूर रहने की एडवाइजरी जारी कर चुका है।

