मुहर्रम को लेकर अलर्ट मोड में प्रशासन, डुमरांव में पुलिस ने किया रूट मार्च
मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण और आपसी भाईचारे के माहौल में संपन्न कराने को लेकर डुमरांव पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। पर्व की पूर्व संध्या पर विधि-व्यवस्था बनाए रखने और लोगों में सुरक्षा का भरोसा कायम करने के उद्देश्य से गुरुवार को शहर में पुलिस बल ने रूट मार्च निकाला।

__ संवेदनशील इलाकों पर पैनी नजर, शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील; अफवाह फैलाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
केटी न्यूज/डुमरांव
मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण और आपसी भाईचारे के माहौल में संपन्न कराने को लेकर डुमरांव पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। पर्व की पूर्व संध्या पर विधि-व्यवस्था बनाए रखने और लोगों में सुरक्षा का भरोसा कायम करने के उद्देश्य से गुरुवार को शहर में पुलिस बल ने रूट मार्च निकाला। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने प्रमुख मार्गों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।रूट मार्च की शुरुआत नया थाना परिसर से हुई। पुलिस टीम गोला रोड, चौक रोड, बंधन पटवा रोड, गौशाला रोड और शक्ति द्वार सहित शहर के विभिन्न इलाकों से होकर गुजरी।

मार्च के दौरान पुलिस जवान पूरी मुस्तैदी के साथ तैनात रहे और संवेदनशील क्षेत्रों की स्थिति का निरीक्षण किया। पुलिस की इस कार्रवाई का उद्देश्य असामाजिक तत्वों पर नजर रखना और आम लोगों को सुरक्षा का संदेश देना था।फ्लैग मार्च का नेतृत्व डुमरांव थानाध्यक्ष संजय कुमार सिन्हा और प्रभारी बीडीओ सुधांशु कुमार ने संयुक्त रूप से किया। अधिकारियों ने बताया कि मुहर्रम को लेकर थाना क्षेत्र के सभी संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है।थानाध्यक्ष ने कहा कि पर्व-त्योहार आपसी प्रेम, भाईचारे और सौहार्द का प्रतीक होते हैं।

सभी लोगों से अपील है कि शांति व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें। उन्होंने कहा कि किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान नहीं दें और संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से भ्रामक सूचना फैलाने वालों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। कानून व्यवस्था प्रभावित करने की कोशिश करने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि मुहर्रम पर्व को पारंपरिक तरीके और आपसी सद्भाव के साथ मनाएं, ताकि क्षेत्र में शांति और सौहार्द का माहौल कायम रहे।

