29 सितंबर को जिला नियोजनालय में लगेगा रोजगार शिविर, 10 पदों पर होगा चयन
जिला नियोजनालय, बक्सर की ओर से जिले के बेरोजगार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 29 सितंबर को रोजगार शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर का आयोजन संयुक्त श्रम भवन स्थित आईटीआई मैदान, बक्सर परिसर में किया जाएगा।

केटी न्यूज/बक्सर।
जिला नियोजनालय, बक्सर की ओर से जिले के बेरोजगार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 29 सितंबर को रोजगार शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर का आयोजन संयुक्त श्रम भवन स्थित आईटीआई मैदान, बक्सर परिसर में किया जाएगा। इसमें निजी क्षेत्र की कंपनी नेटएम्बिट वैल्यू फर्स्ट सर्विस प्राइवेट लिमिटेड द्वारा बिक्री कार्य के लिए 10 युवाओं का चयन किया जाएगा।कंपनी द्वारा चयनित अभ्यर्थियों को प्रतिमाह 13 हजार रुपये वेतन दिया जाएगा। इसके साथ ही भविष्य निधि, कर्मचारी राज्य बीमा तथा चिकित्सा सुविधा का लाभ भी मिलेगा। निर्धारित आयु सीमा 18 से 35 वर्ष है।

शैक्षणिक योग्यता के रूप में दसवीं, बारहवीं, स्नातक या औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) उत्तीर्ण अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं। चयनित अभ्यर्थियों का कार्यस्थल बक्सर रहेगा।जिला नियोजनालय के अनुसार अभ्यर्थियों का चयन उनकी योग्यता के आधार पर मौके पर ही किया जाएगा। रोजगार शिविर में शामिल होने के लिए नियोजनालय में निबंधन अनिवार्य है। जिन युवाओं ने अब तक अपना निबंधन नहीं कराया है, वे राष्ट्रीय करियर सेवा पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन निबंधन करा सकते हैं।

शिविर में भाग लेने के लिए किसी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाएगा। इच्छुक अभ्यर्थियों को अपना बायोडाटा और आधार कार्ड साथ लेकर निर्धारित तिथि को शिविर में पहुंचना होगा। रोजगार से संबंधित नियुक्ति की शर्तों और अन्य नियमों के लिए संबंधित कंपनी स्वयं जिम्मेदार होगी। जिला नियोजनालय की भूमिका इस पूरी प्रक्रिया में केवल सुविधा उपलब्ध कराने तक सीमित रहेगी।रोजगार शिविर का संचालन सुबह 11 बजे से शाम चार बजे तक होगा। प्रभारी जिला नियोजन पदाधिकारी ने जिले के बेरोजगार युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में शिविर में पहुंचकर रोजगार के इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की है।

