लंबित कांडों पर एसपी की सख्ती, थानों की जांच में विवेचना की रफ्तार पर जोर
लंबित कांडों के निष्पादन में सुस्ती अब पुलिस अधिकारियों के लिए भारी पड़ सकती है। अपराध नियंत्रण और पुलिसिंग को अधिक जवाबदेह बनाने की दिशा में एसपी शुभम आर्य ने मंगलवार को नया भोजपुर तथा बुधवार को डुमरांव थाना का निरीक्षण किया।

__ नया भोजपुर व डुमरांव थाना पहुंचे एसपी शुभम आर्य, शिकायतों के त्वरित निपटारे, गश्ती और अपराध नियंत्रण को लेकर दिए कड़े निर्देश
केटी न्यूज/डुमरांव।
लंबित कांडों के निष्पादन में सुस्ती अब पुलिस अधिकारियों के लिए भारी पड़ सकती है। अपराध नियंत्रण और पुलिसिंग को अधिक जवाबदेह बनाने की दिशा में एसपी शुभम आर्य ने मंगलवार को नया भोजपुर तथा बुधवार को डुमरांव थाना का निरीक्षण किया। लगातार दो दिनों तक हुए इस निरीक्षण में थानों की कार्यप्रणाली से लेकर अभिलेखों के संधारण और लंबित कांडों की स्थिति तक की बारीकी से समीक्षा की गई। एसपी ने स्पष्ट किया कि मामलों की विवेचना में किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा।

निरीक्षण के दौरान एसपी ने दोनों थानों में दर्ज लंबित कांडों की प्रगति की जानकारी ली और अनुसंधान की स्थिति की समीक्षा की। नया भोजपुर थानाध्यक्ष चंदन कुमार तथा डुमरांव थानाध्यक्ष संजय कुमार सिन्हा ने अपने-अपने थाना क्षेत्रों में अपराध नियंत्रण के लिए किए जा रहे प्रयासों, लंबित मामलों के निष्पादन और पुलिस की गतिविधियों से संबंधित जानकारी एसपी के समक्ष रखी। एसपी ने लंबित कांडों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने तथा अनुसंधान की गुणवत्ता बनाए रखने का निर्देश दिया।

__शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई का निर्देश
एसपी ने थाना पहुंचने वाले फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता से लेने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि आम लोगों की समस्याओं के समाधान में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। पीड़ितों और शिकायतकर्ताओं के साथ संवेदनशील व्यवहार करते हुए उनकी शिकायतों पर नियमानुसार त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। पुलिस और आमजन के बीच बेहतर संवाद को भी उन्होंने प्रभावी पुलिसिंग का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया।
__गश्ती व्यवस्था मजबूत करने पर जोर
निरीक्षण के दौरान क्षेत्र में नियमित और प्रभावी गश्ती व्यवस्था को और मजबूत करने का निर्देश दिया गया। एसपी ने अपराधियों और असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर पैनी नजर रखने तथा किसी भी आपराधिक घटना की सूचना मिलने पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए थाना स्तर पर पुलिस बल की सक्रियता बढ़ाने पर भी बल दिया।

__पुलिसिंग में जवाबदेही को बताया प्राथमिकता
एसपी ने थाना अभिलेखों के व्यवस्थित संधारण और पुलिसिंग में पारदर्शिता बरतने की हिदायत दी। उन्होंने कहा कि पुलिस अधिकारियों की कार्यशैली में जवाबदेही स्पष्ट दिखनी चाहिए। निरीक्षण के दौरान प्रभारी एसडीपीओ समीर कुमार सिंह भी मौजूद रहे। उन्होंने भी थानाध्यक्षों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए आपसी समन्वय के साथ अपराध नियंत्रण और कांडों के निष्पादन की गति बढ़ाने पर जोर दिया।एसपी के लगातार दो थाना निरीक्षण से पुलिस महकमे में भी सक्रियता बढ़ी है। लंबित कांडों की समीक्षा के बाद अब उनके निष्पादन की रफ्तार बढ़ने तथा थाना स्तर पर पुलिसिंग को और अधिक जवाबदेह बनाने की उम्मीद है।

