मध्य-पूर्व में युद्ध की आशंका के बीच बिहार में गैस-पेट्रोल आपूर्ति पर सतर्कता बढ़ाने का निर्देश
मध्य-पूर्व क्षेत्र में चल रहे युद्ध और बढ़ते तनाव के कारण एलपीजी गैस एवं पेट्रोलियम पदार्थों की आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए बिहार पुलिस मुख्यालय ने राज्य के सभी जिलों को विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया है। इस संबंध में बिहार पुलिस मुख्यालय के विशेष शाखा, आसूचना एवं सुरक्षा प्रभाग की ओर से पत्र जारी कर सभी जिलाधिकारियों और वरीय पुलिस अधीक्षकों को आवश्यक कदम उठाने को कहा गया है।
केटी न्यूज/पटना
मध्य-पूर्व क्षेत्र में चल रहे युद्ध और बढ़ते तनाव के कारण एलपीजी गैस एवं पेट्रोलियम पदार्थों की आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए बिहार पुलिस मुख्यालय ने राज्य के सभी जिलों को विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया है। इस संबंध में बिहार पुलिस मुख्यालय के विशेष शाखा, आसूचना एवं सुरक्षा प्रभाग की ओर से पत्र जारी कर सभी जिलाधिकारियों और वरीय पुलिस अधीक्षकों को आवश्यक कदम उठाने को कहा गया है।जारी निर्देश में कहा गया है कि वर्तमान समय में मध्य-पूर्व क्षेत्र में युद्ध और तनावपूर्ण स्थिति के कारण अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गैस तथा पेट्रोलियम पदार्थों की आपूर्ति प्रभावित होने की संभावना बनी हुई है।

ऐसे में राज्य में भी रसोई गैस, पेट्रोल और डीजल की उपलब्धता पर असर पड़ सकता है। इस स्थिति को देखते हुए प्रशासन को पहले से ही सतर्क रहने की आवश्यकता बताई गई है।पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका के कारण गैस एजेंसियों, विक्रेताओं और पेट्रोल पंपों पर आम लोगों की भीड़ बढ़ सकती है। इससे कानून-व्यवस्था की समस्या उत्पन्न होने की संभावना है। इसके अलावा कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा गैस सिलेंडर अथवा पेट्रोलियम पदार्थों की जमाखोरी और कालाबाजारी किए जाने की आशंका से भी इंकार नहीं किया जा सकता।

इसी को ध्यान में रखते हुए सभी जिलों के प्रशासन और पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में गैस एजेंसियों, विक्रेताओं और पेट्रोल पंपों के आसपास नियमित निगरानी रखें तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करें। साथ ही जमाखोरी और कालाबाजारी करने वाले तत्वों पर विशेष नजर रखते हुए उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने को कहा गया है।पुलिस मुख्यालय ने यह भी निर्देश दिया है कि जिला प्रशासन आपूर्ति विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर स्थिति पर लगातार नजर रखे और आवश्यकता पड़ने पर आम जनता को वास्तविक स्थिति से अवगत कराए।

इसका उद्देश्य यह है कि किसी प्रकार की अफवाह न फैले और लोगों में अनावश्यक भय या भ्रम की स्थिति उत्पन्न न हो।इस आदेश के बाद राज्य के सभी जिलों में प्रशासनिक और पुलिस तंत्र को सतर्क कर दिया गया है, ताकि संभावित आपूर्ति संकट की स्थिति में भी व्यवस्था सुचारु रूप से बनी रहे।
