नंदन में स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर सबसे अधिक शिकायतें, 80 में 63 आवेदन

जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से मंगलवार को डुमरांव प्रखंड की नंदन पंचायत स्थित पंचायत भवन में सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में प्रखंड एवं अंचल स्तर के अधिकारियों की मौजूदगी में ग्रामीणों की समस्याएं सुनी गईं। इस दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 80 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें सर्वाधिक 63 शिकायतें स्वास्थ्य विभाग से जुड़ी रहीं।

नंदन में स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर सबसे अधिक शिकायतें, 80 में 63 आवेदन

__सहयोग शिविर में ग्रामीणों ने अधिकारियों के सामने रखीं समस्याएं, बंद सोलर स्ट्रीट लाइटों की शिकायत पर मरम्मत का निर्देश

केटी न्यूज/डुमरांव।

जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से मंगलवार को डुमरांव प्रखंड की नंदन पंचायत स्थित पंचायत भवन में सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में प्रखंड एवं अंचल स्तर के अधिकारियों की मौजूदगी में ग्रामीणों की समस्याएं सुनी गईं। इस दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 80 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें सर्वाधिक 63 शिकायतें स्वास्थ्य विभाग से जुड़ी रहीं।स्वास्थ्य विभाग से संबंधित आवेदनों में ग्रामीणों ने स्वास्थ्य सुविधाओं, दवाओं की उपलब्धता, प्राथमिक उपचार समेत अन्य समस्याओं को अधिकारियों के समक्ष रखा। अधिकारियों ने संबंधित कर्मियों को शिकायतों के त्वरित निष्पादन के निर्देश दिए। ग्रामीण विकास विभाग से जुड़े सात आवेदन शौचालय निर्माण की बकाया प्रोत्साहन राशि तथा नए आवेदनों से संबंधित रहे।

वहीं, राजस्व विभाग से जमीन के दाखिल-खारिज, लगान रसीद एवं अन्य भूमि संबंधी मामलों को लेकर दो आवेदन प्राप्त हुए। पंचायती राज विभाग से संबंधित एक प्रमुख शिकायत पंचायत के विभिन्न वार्डों में लगी सोलर स्ट्रीट लाइटों के लंबे समय से बंद रहने की रही। ग्रामीणों ने बताया कि लाइटों के खराब रहने से रात में कई स्थानों पर अंधेरा रहता है, जिससे लोगों को परेशानी होती है। इस पर बीपीआरओ रोहिणी कुमारी ने संबंधित एजेंसी से लाइटों की मरम्मत कराने का निर्देश देने की बात कही।

शिविर की शुरुआत नंदन पंचायत के मुखिया रामजी सिंह ने अधिकारियों का अंगवस्त्र एवं पुष्पगुच्छ देकर स्वागत कर किया। मौके पर सीओ बृजेश कुमार द्विवेदी, बीपीआरओ रोहिणी कुमारी समेत पंचायत सचिव, आवास पर्यवेक्षक, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। अधिकारियों ने कहा कि शिविर में प्राप्त शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर संबंधित विभागों को भेजकर समयबद्ध तरीके से निष्पादित कराया जाएगा।