डुमरांव में गूंजने लगा मुहर्रम का जज्बा, इमामबाड़ों से ताजिया निर्माण तक बढ़ी हलचल
मुहर्रम का चांद नजर आते ही डुमरांव शहर में तैयारियों का दौर तेज हो गया है। गम और अकीदत के इस पर्व को लेकर शहर के विभिन्न मोहल्लों में धार्मिक माहौल बनने लगा है। इमामबाड़ों की साफ-सफाई, सजावट और ताजिया निर्माण का काम शुरू हो चुका है। जगह-जगह युवा टोली पूरे उत्साह के साथ पर्व की तैयारियों में जुटी दिखाई दे रही है।

– कर्बला की याद में सजने लगे इमामबाड़े, युवाओं ने संभाली तैयारी की कमान; प्रशासन ने भी कसी कमर
केटी न्यूज/डुमरांव
मुहर्रम का चांद नजर आते ही डुमरांव शहर में तैयारियों का दौर तेज हो गया है। गम और अकीदत के इस पर्व को लेकर शहर के विभिन्न मोहल्लों में धार्मिक माहौल बनने लगा है। इमामबाड़ों की साफ-सफाई, सजावट और ताजिया निर्माण का काम शुरू हो चुका है। जगह-जगह युवा टोली पूरे उत्साह के साथ पर्व की तैयारियों में जुटी दिखाई दे रही है।शहर के स्टेशन रोड स्थित व्यापार मंडल के समीप, शहीद गेट, मुख्य चौक, ठठेरी बाजार, बंधन पटवा रोड, पटेहरी मोहल्ला, लाला टोली रोड सहित कई इलाकों में ताजिया रखने की तैयारी चल रही है। कमिटी के सदस्यों ने बताया कि मुहर्रम के दिनों में इमामबाड़ों पर दुआ, फातिया और इबादत का सिलसिला चलता है।

शाम होते ही अगरबत्ती, मोमबत्ती और रोशनी से इमामबाड़े जगमगा उठते हैं, जहां बच्चे, महिलाएं और युवा बड़ी संख्या में पहुंचते हैं।मुहर्रम की दसवीं तारीख को यौम-ए-आशूरा के रूप में मनाया जाता है। इस दिन हजरत इमाम हुसैन की शहादत को याद किया जाता है। मान्यता है कि कर्बला के मैदान में हजरत इमाम हुसैन ने अपने 72 साथियों के साथ सत्य और इंसाफ के लिए कुर्बानी दी थी। इसी वजह से मुहर्रम को मुस्लिम समुदाय में बेहद श्रद्धा और भावनाओं के साथ मनाया जाता है।

--ताजिया निर्माण में जुटे कारीगर, दिखेगा आकर्षक स्वरूप
मुहर्रम को लेकर अलग-अलग कमिटियों की ओर से ताजिया निर्माण का काम शुरू कर दिया गया है। युवा कारीगर रंग-बिरंगे कागज, शीशा, मोती, सितारा, लैस और फोम आदि सामग्री से आकर्षक ताजिया तैयार कर रहे हैं। कमिटी के लोग इस बार ताजिया को खास रूप देने में जुटे हैं। वहीं अखाड़ों में शामिल होने वाले युवा लाठी-डंडे और पारंपरिक खेलों के प्रदर्शन के लिए अभ्यास कर रहे हैं।
--सुरक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट, शांति समिति की बैठकें शुरू
मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए पुलिस और प्रशासन भी सक्रिय हो गया है। थाना स्तर पर शांति समिति की बैठकों का आयोजन किया जा रहा है। प्रशासन ने लोगों से आपसी भाईचारा और शांति बनाए रखने की अपील की है।नगर परिषद की ओर से साफ-सफाई, नालियों की सफाई और जलजमाव वाले क्षेत्रों में व्यवस्था दुरुस्त की जा रही है। बिजली विभाग भी लटकते तारों को ठीक करने में जुटा है। स्वास्थ्य विभाग ने आपात स्थिति के लिए स्वास्थ्य सुविधाएं तैयार रखने की बात कही है।डीएसपी पोलस्त कुमार ने बताया कि ताजिया जुलूस निकालने के लिए प्रशासन से अनुमति लेना अनिवार्य होगा। उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह मुस्तैद रहेगी।

