आठों पदों पर नहीं हुआ मुकाबला, सर्वसम्मति से चुनी गई पुलिस मेंस की नई टीम
डुमरांव स्थित एमपीटीसी परिसर के एसआई भवन में बुधवार को पुलिस मेंस शाखा के चुनाव ने एसोसिएशन के इतिहास में नया अध्याय जोड़ दिया। चुनावी प्रक्रिया शुरू होने के बाद किसी भी पद पर दावेदारी को लेकर टकराव की स्थिति नहीं बनी और सभी सदस्यों की सहमति से आठ पदों पर पदाधिकारियों का निर्विरोध चयन कर लिया गया।

__ एमपीटीसी में पहली बार निर्विरोध चुनाव से बनी कार्यकारिणी, जवानों के हित और मेस व्यवस्था सुधारने का संकल्प
केटी न्यूज/डुमरांव।
डुमरांव स्थित एमपीटीसी परिसर के एसआई भवन में बुधवार को पुलिस मेंस शाखा के चुनाव ने एसोसिएशन के इतिहास में नया अध्याय जोड़ दिया। चुनावी प्रक्रिया शुरू होने के बाद किसी भी पद पर दावेदारी को लेकर टकराव की स्थिति नहीं बनी और सभी सदस्यों की सहमति से आठ पदों पर पदाधिकारियों का निर्विरोध चयन कर लिया गया। चुनाव में सर्वसम्मति का यह नजारा पुलिसकर्मियों के बीच आपसी समन्वय और संगठनात्मक एकजुटता का संदेश देता नजर आया। परिणाम घोषित होते ही पुलिस लाइन और मेस परिसर में खुशी का माहौल बन गया।

__एकमत से तय हुई नई कार्यकारिणी
सदस्यों की सहमति से रामअशीष यादव को अध्यक्ष और राकेश पांडेय को मंत्री चुना गया। वहीं विजय तिवारी को उपाध्यक्ष, श्याम देव राम को कोषाध्यक्ष, नशीम हैदर को संयुक्त मंत्री तथा मनीष कुमार को केंद्रीय सदस्य की जिम्मेदारी सौंपी गई। श्रीराम कुमार यादव को अंकेक्षक बनाया गया। इसके अलावा वाहिनी मुख्यालय प्रतिनिधि के रूप में हवलदार संतोष सिंह और सिपाही अरुण कुमार का चयन किया गया।

__वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में पूरी हुई प्रक्रिया
चुनाव की पूरी प्रक्रिया निष्पक्ष और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए बिहार पुलिस मेंस एसोसिएशन, पटना महासंघ के संयुक्त महामंत्री बीरेंद्र कुमार समेत बीएमपी-4 के शाखा पदाधिकारी मौजूद रहे। केंद्रीय नेतृत्व की निगरानी में चुनावी प्रक्रिया पूरी होने के बाद नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने जिम्मेदारी संभाली और साथी पुलिसकर्मियों के प्रति आभार जताया।अध्यक्ष रामअशीष यादव और मंत्री राकेश पांडेय ने कहा कि नई कार्यकारिणी का फोकस पुलिसकर्मियों की मूलभूत सुविधाओं, भोजन की गुणवत्ता और मेस व्यवस्था को बेहतर बनाने पर रहेगा। जवानों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर उठाकर उनके समाधान का प्रयास किया जाएगा।

__फूल-मालाओं से हुआ स्वागत
निर्विरोध चुनाव संपन्न होने के बाद एमपीटीसी परिसर में नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का फूल-माला पहनाकर स्वागत किया गया। साथी पुलिसकर्मियों ने सभी पदाधिकारियों को बधाई देते हुए नई टीम से बेहतर मेस प्रबंधन और जवानों के हित में प्रभावी पहल की उम्मीद जताई।

