शॉर्ट सर्किट से अगलगी के बाद अगले दिन बैंक ऑफ इंडिया की सोवां शाखा में ठप रही सेवाएं

सोवां गांव स्थित बैंक ऑफ इंडिया की शाखा में गुरुवार की देर शाम अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया था। शुरुआती जांच में आग लगने की वजह बिजली का शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। आग की चपेट में आकर शाखा के कंप्यूटर सिस्टम, जरूरी दस्तावेज और कुछ इलेक्ट्रॉनिक उपकरण क्षतिग्रस्त हो गए, जिससे शुक्रवार को पूरे दिन बैंकिंग सेवाएं ठप रहीं।

शॉर्ट सर्किट से अगलगी के बाद अगले दिन बैंक ऑफ इंडिया की सोवां शाखा में ठप रही सेवाएं

-- सोवां शाखा में आग से सिस्टम जले, वैकल्पिक इंतजाम से ग्राहकों को मिलेगी राहत, प्रबंधक ने दर्ज कराया एफआईआर, जांच में जुटी पुलिस

केटी न्यूज/कृष्णाब्रह्म

सोवां गांव स्थित बैंक ऑफ इंडिया की शाखा में गुरुवार की देर शाम अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया था। शुरुआती जांच में आग लगने की वजह बिजली का शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। आग की चपेट में आकर शाखा के कंप्यूटर सिस्टम, जरूरी दस्तावेज और कुछ इलेक्ट्रॉनिक उपकरण क्षतिग्रस्त हो गए, जिससे शुक्रवार को पूरे दिन बैंकिंग सेवाएं ठप रहीं।बता दें कि गुरुवार शाम बैंक परिसर से धुआं उठता देख आसपास के ग्रामीण और बैंककर्मी तुरंत मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की तत्परता से आग पर समय रहते काबू पा लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

यदि आग कुछ देर और बेकाबू रहती, तो नुकसान कहीं ज्यादा हो सकता था। हालांकि घटना के बाद कुछ देर के लिए अफरातफरी का माहौल जरूर बना रहा।बताया जा रहा है कि अगलगी के कारण शाखा के तकनीकी संसाधन प्रभावित हो गए। कंप्यूटर सिस्टम और नेटवर्किंग उपकरण जल जाने से शुक्रवार को लेन-देन पूरी तरह बंद रहा। इससे ग्राहकों को परेशानी की आशंका थी, लेकिन बैंक प्रबंधन ने स्थिति को संभालने के लिए त्वरित कदम उठाए। आसपास की संबंधित शाखाओं से समन्वय स्थापित कर ग्राहकों के लिए वैकल्पिक बैंकिंग व्यवस्था की गई।सोवां शाखा से दो बैंक कर्मियों को नजदीकी शाखा में प्रतिनियुक्त किया गया, ताकि खातेधारकों के जमा-निकासी समेत अन्य जरूरी कार्य बाधित न हों।

इस व्यवस्था से ग्राहकों को काफी राहत मिली और आवश्यक लेन-देन सुचारु रूप से संपन्न हो सका।शाखा प्रबंधक तरुण कुमार ने बताया कि आग की वजह से शुक्रवार को नियमित कार्य संभव नहीं हो सका। उन्होंने कहा कि क्षतिग्रस्त कंप्यूटरों के स्थान पर नए सिस्टम लगाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। साथ ही शाखा की तकनीकी संरचना और सुरक्षा व्यवस्था की भी समीक्षा की जा रही है, ताकि भविष्य में ऐसी घटना की पुनरावृत्ति न हो। उन्होंने भरोसा जताया कि शनिवार से शाखा में सामान्य बैंकिंग सेवाएं बहाल कर दी जाएंगी।

इधर, घटना को लेकर शाखा प्रबंधक ने स्थानीय थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। दिए गए आवेदन में शॉर्ट सर्किट को आग लगने का कारण बताया गया है। एफआईआर में फर्नीचर और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के जलने की जानकारी दी गई है। बैंक प्रबंधन द्वारा कुल क्षति का आंकलन किया जा रहा है।आग की इस घटना ने बैंकिंग सुरक्षा और तकनीकी रखरखाव को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल प्रशासनिक और बैंकिंग स्तर पर जांच जारी है, जबकि ग्राहक जल्द से जल्द पूरी तरह सामान्य सेवाएं शुरू होने का इंतजार कर रहे हैं।