जनगणना की तैयारी तेज, चार दिनों तक प्रशिक्षित होंगे जिला व चार्ज स्तरीय अधिकारी
आगामी जनगणना के द्वितीय चरण यानी जनसंख्या परिगणना की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन ने कवायद तेज कर दी है। इसके सफल, सुचारु एवं त्रुटिरहित संचालन के लिए जिला एवं प्रखंड स्तर के संबंधित पदाधिकारियों तथा सहायकों का चार दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम शुक्रवार से समाहरणालय परिसर स्थित नए सभाकक्ष में शुरू हुआ।

__ द्वितीय चरण में जनसंख्या की गणना को लेकर प्रशिक्षण शुरू, अपर समाहर्त्ता ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया उद्घाटन; त्रुटिरहित और समयबद्ध कार्य संपादन का दिया निर्देश
केटी न्यूज/बक्सर।
आगामी जनगणना के द्वितीय चरण यानी जनसंख्या परिगणना की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन ने कवायद तेज कर दी है। इसके सफल, सुचारु एवं त्रुटिरहित संचालन के लिए जिला एवं प्रखंड स्तर के संबंधित पदाधिकारियों तथा सहायकों का चार दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम शुक्रवार से समाहरणालय परिसर स्थित नए सभाकक्ष में शुरू हुआ। 30 अक्टूबर से 2 नवंबर तक चलने वाले इस प्रशिक्षण में जनगणना कार्य से जुड़े अधिकारियों और कर्मियों को विभिन्न प्रक्रियाओं, तकनीकी पहलुओं तथा निर्धारित जिम्मेदारियों की विस्तार से जानकारी दी जाएगी।प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्घाटन जिला जनगणना अधिकारी सह अपर समाहर्त्ता अरुण कुमार सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

इस दौरान उन्होंने जनगणना को महज आंकड़े जुटाने की प्रक्रिया नहीं, बल्कि देश के विकास और भविष्य की योजनाओं का आधार बताया। उन्होंने कहा कि जनगणना से प्राप्त आंकड़े सरकार की विकास योजनाओं, नीतियों के निर्माण और प्रशासनिक निर्णयों को दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसलिए इस राष्ट्रीय दायित्व का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी और गंभीरता के साथ किया जाना आवश्यक है।उन्होंने प्रशिक्षण में शामिल सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों से पूरी रुचि और सक्रियता के साथ प्रत्येक बिंदु को समझने की अपील की। साथ ही कहा कि प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त जानकारी को धरातल पर उतारना बेहद जरूरी है, ताकि जनगणना के दौरान किसी प्रकार की चूक या विसंगति की गुंजाइश नहीं रहे। उन्होंने निर्धारित दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन करते हुए जनसंख्या परिगणना का कार्य व्यवस्थित, पारदर्शी, त्रुटिरहित और समयसीमा के भीतर पूरा करने पर विशेष जोर दिया।

प्रशिक्षण देने के लिए जनगणना कार्य निदेशालय, बिहार की ओर से रविन्द्र कुमार सिंह एवं अनुप कुमार वर्मा को प्रशिक्षक के रूप में प्रतिनियुक्त किया गया है। दोनों प्रशिक्षक प्रतिभागियों को जनगणना की विभिन्न प्रक्रियाओं, कार्यप्रणाली, आंकड़ों के संकलन तथा पदाधिकारियों और कर्मियों के दायित्वों से अवगत करा रहे हैं।उल्लेखनीय है कि जनगणना कार्य निदेशालय, बिहार के 15 अक्टूबर 2026 के कार्यालय आदेश के आलोक में यह प्रशिक्षण आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम में जनगणना के नोडल पदाधिकारी सह वरीय उप समाहर्त्ता, अपर जिला जनगणना अधिकारी सह जिला सांख्यिकी पदाधिकारी सहित जिला जनगणना कोषांग के सभी पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे।


