चौकीदार परेड में थानाध्यक्ष ने दिया सतर्कता का मंत्र
डुमरांव थाना परिसर में रविवार को थानाध्यक्ष संजय कुमार सिन्हा के नेतृत्व में मासिक चौकीदार परेड का आयोजन किया गया। परेड के दौरान थाना क्षेत्र के सभी चौकीदारों की उपस्थिति सुनिश्चित कर उनकी कार्यशैली की समीक्षा की गई तथा कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

--ग्रामीण क्षेत्रों की हर गतिविधि पर नजर रखने और तत्काल सूचना देने का निर्देश
केटी न्यूज/डुमरांव
डुमरांव थाना परिसर में रविवार को थानाध्यक्ष संजय कुमार सिन्हा के नेतृत्व में मासिक चौकीदार परेड का आयोजन किया गया। परेड के दौरान थाना क्षेत्र के सभी चौकीदारों की उपस्थिति सुनिश्चित कर उनकी कार्यशैली की समीक्षा की गई तथा कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।थानाध्यक्ष संजय कुमार सिन्हा ने चौकीदारों को संबोधित करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में होने वाली हर छोटी-बड़ी घटना, संदिग्ध गतिविधि, आपराधिक गतिविधियों की सूचना, आपसी विवाद, चोरी, मारपीट, अवैध शराब, जुआ, नशे के कारोबार तथा अन्य कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों की जानकारी बिना किसी विलंब के थाना को उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि समय पर मिली सूचना से अपराधों की रोकथाम और त्वरित कार्रवाई संभव हो पाती है।उन्होंने सभी चौकीदारों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमण कर लोगों से संवाद बनाए रखने, सतर्क रहने तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि पर विशेष नजर रखने का निर्देश दिया। साथ ही ड्यूटी के दौरान निर्धारित वर्दी पहनने, समय की पाबंदी का पालन करने और पूरी जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने की सख्त हिदायत दी।परेड के दौरान थानाध्यक्ष ने चौकीदारों की समस्याएं भी सुनीं और उनके समाधान का भरोसा दिया।

वहीं, ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले कुछ चौकीदारों को कड़ी फटकार लगाते हुए भविष्य में ऐसी गलती नहीं दोहराने की चेतावनी दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि कर्तव्यों के निर्वहन में किसी प्रकार की उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।कार्यक्रम के अंत में सभी चौकीदारों ने अपने दायित्वों का ईमानदारी और सतर्कता के साथ पालन करने का संकल्प लिया। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि चौकीदार पुलिस और ग्रामीण समाज के बीच महत्वपूर्ण कड़ी हैं और उनकी सक्रियता से क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में महत्वपूर्ण सहयोग मिलता है।

