बरसाती मौसम बना जानलेवा: सर्पदंश से वृद्ध महिला की मौत, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
बरसात के मौसम में सर्पदंश की बढ़ती घटनाओं के बीच डुमरांव शहर के चतुरसालगंज मोहल्ले में शनिवार की शाम एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया। विषैले सर्प के डंसने से 60 वर्षीय सावित्री देवी की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई, जबकि मोहल्ले में शोक का माहौल व्याप्त है।

केटी न्यूज/डुमरांव।
बरसात के मौसम में सर्पदंश की बढ़ती घटनाओं के बीच डुमरांव शहर के चतुरसालगंज मोहल्ले में शनिवार की शाम एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया। विषैले सर्प के डंसने से 60 वर्षीय सावित्री देवी की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई, जबकि मोहल्ले में शोक का माहौल व्याप्त है।मृतका सावित्री देवी, पति अवध बिहारी यादव की पत्नी थीं। परिजनों के अनुसार शनिवार की शाम वह घर के समीप थीं, तभी अचानक एक विषैले सर्प ने उन्हें डंस लिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों ने बिना देर किए उन्हें अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने तत्काल उपचार शुरू किया, लेकिन तब तक विष का असर शरीर में तेजी से फैल चुका था। काफी प्रयास के बावजूद डॉक्टर उनकी जान नहीं बचा सके।

अनुमंडलीय अस्पताल के चिकित्सक डॉ. बीरेंद्र कुमार ने महिला की मौत की पुष्टि करते हुए बताया कि अस्पताल पहुंचने तक उनकी स्थिति अत्यंत गंभीर हो चुकी थी।घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। आसपास के लोगों ने भी इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया। स्थानीय लोगों का कहना है कि बरसात के दिनों में रिहायशी इलाकों में सांप निकलने की घटनाएं बढ़ जाती हैं, जिससे ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में खतरा बढ़ जाता है।लोगों ने प्रशासन से सर्पदंश के प्रति व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने, आवश्यक जीवनरक्षक दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा सभी सरकारी अस्पतालों में त्वरित और प्रभावी उपचार व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं में समय पर इलाज मिल सके और लोगों की जान बचाई जा सके।

