विवेक सिन्हा की याद में उमड़ा जनसैलाब, रक्तदान से दी सच्ची श्रद्धांजलि

बक्सर के यशस्वी पत्रकार स्वर्गीय विवेक कुमार सिन्हा की 13वीं पुण्यतिथि पर जिलेभर में भावनात्मक माहौल देखने को मिला। उनकी स्मृति में आयोजित कार्यक्रम केवल श्रद्धांजलि तक सीमित नहीं रहा, बल्कि समाज सेवा का संदेश देते हुए रक्तदान जैसे पुनीत कार्य के जरिए लोगों ने उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि अर्पित की।

विवेक सिन्हा की याद में उमड़ा जनसैलाब, रक्तदान से दी सच्ची श्रद्धांजलि

__ 13वीं पुण्यतिथि पर स्मृति सभा के साथ सामाजिक सरोकारों को मिला नया संकल्प

केटी न्यूज/बक्सर:

बक्सर के यशस्वी पत्रकार स्वर्गीय विवेक कुमार सिन्हा की 13वीं पुण्यतिथि पर जिलेभर में भावनात्मक माहौल देखने को मिला। उनकी स्मृति में आयोजित कार्यक्रम केवल श्रद्धांजलि तक सीमित नहीं रहा, बल्कि समाज सेवा का संदेश देते हुए रक्तदान जैसे पुनीत कार्य के जरिए लोगों ने उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि अर्पित की। विवेक सिन्हा स्मृति संस्थान द्वारा आयोजित स्मृति सभा सह रक्तदान कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। वहीं, उनके पैतृक गांव चुरामनपुर में भी श्रद्धांजलि सभा आयोजित कर ग्रामीणों ने उन्हें याद किया। बार एसोसिएशन बक्सर के अधिवक्ताओं ने व्यवहार न्यायालय परिसर में उनकी तस्वीर पर माल्यार्पण कर अपने प्रिय साथी को नमन किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्थान के अध्यक्ष विनय कुमार सिन्हा और वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. भूपेंद्र नाथ ने संयुक्त रूप से की। इस अवसर पर वक्ताओं ने विवेक सिन्हा के व्यक्तित्व और कृतित्व को याद करते हुए कहा कि वे केवल पत्रकार ही नहीं, बल्कि समाज के सच्चे प्रहरी थे। अधिवक्ता विनय सिन्हा ने कहा कि विवेक ने अपनी लेखनी की ताकत से कभी समझौता नहीं किया और हमेशा समाज के वंचित व हाशिए पर खड़े लोगों की आवाज को मजबूती से उठाया। संस्थान की सचिव दीपशिखा ने उन्हें एक आदर्श शिक्षक, संवेदनशील पत्रकार और जुझारू अधिवक्ता बताते हुए कहा कि कम उम्र में ही उन्होंने पत्रकारिता जगत में अलग पहचान बना ली थी।

उनके सहयोगी शिक्षक विमल कुमार सिंह ने बताया कि विवेक की स्मृति में स्थापित संस्थान शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण और नारी सशक्तिकरण के क्षेत्र में लगातार कार्य कर रहा है, ताकि उनके विचार और आदर्श समाज में जीवित रहें। वहीं दैनिक जागरण के जिला प्रभारी शुभनारायण पाठक ने भावुक होकर कहा कि विवेक सबसे पहले एक अच्छे इंसान थे, जिनकी आत्मीयता ही उनकी सबसे बड़ी पूंजी थी। कार्यक्रम के दौरान जिला अस्पताल स्थित ब्लड बैंक में कुल 10 लोगों ने रक्तदान कर मानवता का संदेश दिया। रक्तदाताओं में विमल कुमार सिंह, राकेश कुमार, शुभम कुमार, शुभम ओझा, अविनाश कुमार, अभिनव वशिष्ठ, सरोज कुमार, प्रकाश पासवान और सोहैल खान प्रमुख रहे।

इस अवसर पर उज्जवल सिन्हा, दीपांकर सिन्हा, अखौरी सुशील सिन्हा, रणवीर सिंह, अर्जुन, पप्पू पासवान, सूर्यकांत पांडेय, धर्मेंद्र सिंह, धीरज पांडेय सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम ने यह साबित कर दिया कि विवेक सिन्हा आज भले ही हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनके विचार, संघर्ष और समाज के प्रति समर्पण आज भी लोगों को प्रेरित कर रहे हैं।