दो घंटे में अलग-अलग दो हादसे रफ्तार ने छीन ली दो जिंदगियां, खुशियां मातम में बदलीं

डुमरांव अनुमंडल क्षेत्र में सोमवार का दिन दो परिवारों के लिए कभी न भूलने वाला दर्द छोड़ गया। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए दो भीषण सड़क हादसों ने एक ही दिन में दो जिंदगियां छीन लीं। एक ओर जहां छुट्टी मनाकर घर लौट रहे परिवार की खुशियां रास्ते में ही बिखर गईं, वहीं दूसरी ओर भाई की बारात से लौट रहा युवक मौत का शिकार हो गया। इन घटनाओं ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा व्यवस्था और तेज रफ्तार के खतरे पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

दो घंटे में अलग-अलग दो हादसे रफ्तार ने छीन ली दो जिंदगियां, खुशियां मातम में बदलीं

--  रामगढ़ फोरलेन पर पलटी कार में महिला की मौत, मंझवारी मोड़ पर ट्रक की टक्कर से युवक की गई जान; लापरवाही और तेज रफ्तार फिर बनी काल

केटी न्यूज/डुमरांव

डुमरांव अनुमंडल क्षेत्र में सोमवार का दिन दो परिवारों के लिए कभी न भूलने वाला दर्द छोड़ गया। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए दो भीषण सड़क हादसों ने एक ही दिन में दो जिंदगियां छीन लीं। एक ओर जहां छुट्टी मनाकर घर लौट रहे परिवार की खुशियां रास्ते में ही बिखर गईं, वहीं दूसरी ओर भाई की बारात से लौट रहा युवक मौत का शिकार हो गया। इन घटनाओं ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा व्यवस्था और तेज रफ्तार के खतरे पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पहली घटना ब्रह्मपुर थाना क्षेत्र के रामगढ़ के समीप आरा-बक्सर फोरलेन पर सुबह करीब 6 बजे हुई। पटना जिले के मसौढ़ी निवासी 43 वर्षीय विनीत कुमार अपनी पत्नी नीतू कुमारी और पुत्र देवांश पटेल के साथ वैगन आर कार से गाजीपुर से पटना लौट रहे थे। विनीत कुमार गाजीपुर स्थित यूनियन बैंक ऑफ इंडिया में सहायक प्रबंधक के पद पर कार्यरत थे और परिवार के साथ वहीं रहते थे। अंबेडकर जयंती की छुट्टी के अवसर पर वे अपने गृह नगर लौट रहे थे।

बताया जाता है कि जैसे ही उनकी कार रामगढ़ के पास पहुंची, अचानक अनियंत्रित हो गई। तेज रफ्तार के कारण वाहन डिवाइडर से टकराकर पलट गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और नीतू कुमारी की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में विनीत कुमार और उनका पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को कार से बाहर निकाला और तत्काल अस्पताल भिजवाया। समाजसेवी संजय कुमार यादव द्वारा संचालित मुफ्त एम्बुलेंस सेवा की मदद से दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। बताया जा रहा है कि पति और पुत्र दोनों गहरे सदमे में हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए वाहन को जब्त कर लिया है।

दूसरी घटना सिमरी थाना क्षेत्र के मंझवारी मोड़ के पास हुई, जहां एक तेज रफ्तार एफसीआई ट्रक ने बाइक सवार युवक को कुचल दिया। इस हादसे में सिमरी दूधीपट्टी के तकिया मोहल्ला निवासी 25 वर्षीय अली हुसैन की मौत हो गई। अली अपने बड़े भाई की बारात से आरा के गजराजगंज से लौट रहे थे। उनके साथ बाइक पर एक अन्य व्यक्ति भी सवार था, जिसे मामूली चोटें आई हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जैसे ही बाइक मंझवारी मोड़ के पास पहुंची, सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि अली हुसैन सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर ही उनकी हालत नाजुक हो गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और घायल को सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। खासकर जिस घर में शादी की खुशियां थीं, वहां अचानक मातम छा गया। अली हुसैन की अभी शादी नहीं हुई थी और परिवार की उम्मीदें उनसे जुड़ी थीं।

सिमरी थानाध्यक्ष ज्योति कुमारी ने बताया कि दुर्घटना में शामिल ट्रक को जब्त कर लिया गया है और चालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है। दोनों घटनाओं ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाना जानलेवा साबित हो रहा है। लगातार जागरूकता अभियानों के बावजूद सड़क हादसों पर अंकुश नहीं लग पा रहा है। जरूरत है कि चालक नियमों का पालन करें और प्रशासन भी सख्ती बढ़ाए, ताकि ऐसी दर्दनाक घटनाओं को रोका जा सके।