कबड्डी के अखाड़े में डुमरांव का दम, पटना को 34 अंकों से रौंदकर बना राज्य चैंपियन
कबड्डी के मैदान में बक्सर के डुमरांव के खिलाड़ियों ने अपने दमखम, शानदार तालमेल और आक्रामक खेल से ऐसा प्रदर्शन किया कि प्रतिद्वंद्वी टीम टिक नहीं सकी। राज्य स्तरीय विद्यालय कबड्डी बालक प्रतियोगिता 2026-27 के अंडर-14 वर्ग के फाइनल मुकाबले में एकलव्य आवासीय प्रशिक्षण केंद्र, डुमरांव की टीम ने पटना को 58-24 के बड़े अंतर से शिकस्त देकर चैंपियन का खिताब अपने नाम कर लिया।

__ अंडर-14 फाइनल में एकलव्य आवासीय प्रशिक्षण केंद्र की टीम ने 58-24 से दर्ज की शानदार जीत, राष्ट्रीय विद्यालय प्रतियोगिता के लिए 11 खिलाड़ियों का चयन
केटी न्यूज/डुमरांव।
कबड्डी के मैदान में बक्सर के डुमरांव के खिलाड़ियों ने अपने दमखम, शानदार तालमेल और आक्रामक खेल से ऐसा प्रदर्शन किया कि प्रतिद्वंद्वी टीम टिक नहीं सकी। राज्य स्तरीय विद्यालय कबड्डी बालक प्रतियोगिता 2026-27 के अंडर-14 वर्ग के फाइनल मुकाबले में एकलव्य आवासीय प्रशिक्षण केंद्र, डुमरांव की टीम ने पटना को 58-24 के बड़े अंतर से शिकस्त देकर चैंपियन का खिताब अपने नाम कर लिया। भोजपुर जिले के आरा में आयोजित इस प्रतियोगिता में डुमरांव के खिलाड़ियों ने शुरुआत से ही अपने खेल का दबदबा बनाए रखा और शानदार जीत के साथ बक्सर का मान बढ़ाया।

__ रेड और डिफेंस में दिखा खिलाड़ियों का दम
फाइनल मुकाबले में एकलव्य की टीम ने आक्रामक रेडिंग के साथ मजबूत रक्षात्मक रणनीति का बेहतरीन नमूना पेश किया। खिलाड़ियों के बीच शानदार तालमेल, विरोधियों को अंक लेने से रोकने की क्षमता और निर्णायक मौकों पर बेहतरीन प्रदर्शन ने टीम की जीत की राह आसान कर दी। पटना की टीम ने मुकाबले में वापसी की कोशिश जरूर की, लेकिन डुमरांव के खिलाड़ियों के सामने उसकी एक नहीं चली। अंततः एकलव्य की टीम ने 58-24 के बड़े अंतर से मुकाबला जीतकर अपनी श्रेष्ठता साबित की।इस ऐतिहासिक जीत में आदित्य कुमार, अंकित कुमार, गुलशन कुमार, हैप्पी कुमार, राकेश कुमार, आयुष कुमार गुप्ता, कृष राज, अनूप कुमार, प्रिंस कुमार और कृष्ण कुमार ने अहम भूमिका निभाई। सभी खिलाड़ियों के सामूहिक प्रयास ने टीम को खिताबी मंजिल तक पहुंचाया।

__ राष्ट्रीय स्तर पर भी दिखेगा बक्सर का दम
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन का असर राष्ट्रीय स्तर पर होने वाले मुकाबलों के लिए चयन में भी दिखा। 70वीं राष्ट्रीय विद्यालय कबड्डी प्रतियोगिता 2026-27 के लिए एकलव्य कबड्डी प्रशिक्षण केंद्र, बक्सर के 11 खिलाड़ियों का चयन अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 वर्गों में किया गया है। चयनित खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर बिहार टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे। इससे जिले में खेल प्रतिभाओं को मिल रहे प्रशिक्षण और अवसरों को नई पहचान मिली है।

__ डीएम ने दी बधाई, राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद
इस उपलब्धि पर जिलाधिकारी साहिला ने खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह सफलता खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत, अनुशासन, लगन और प्रशिक्षकों के समर्पित मार्गदर्शन का परिणाम है। उन्होंने विश्वास जताया कि चयनित खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर बिहार और बक्सर जिले का नाम रोशन करेंगे।जिलाधिकारी ने खिलाड़ियों को निरंतर अभ्यास करने और खेल के क्षेत्र में नई ऊंचाइयां हासिल करने के लिए प्रेरित किया। राज्य चैंपियन बनने और राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए खिलाड़ियों के चयन से एकलव्य प्रशिक्षण केंद्र में उत्साह का माहौल है। डुमरांव की इस सफलता ने जिले के युवा कबड्डी खिलाड़ियों के लिए भी नई उम्मीद जगाई है।

