16 साल बाद बक्सर में गूंजी पावरलिफ्टिंग की हुंकार, खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम

करीब 16 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद बक्सर में पावरलिफ्टिंग खेल का रोमांच फिर लौट आया। जिला प्रशासन एवं जिला पावरलिफ्टिंग संघ के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को कला भवन, बक्सर में आयोजित जिला स्तरीय पावरलिफ्टिंग प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ जिलाधिकारी साहिला ने दीप प्रज्वलित कर किया।

16 साल बाद बक्सर में गूंजी पावरलिफ्टिंग की हुंकार, खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम

__ जिलाधिकारी साहिला ने दीप प्रज्वलित कर किया जिला स्तरीय प्रतियोगिता का उद्घाटन, बोलीं—खेल अनुशासन, आत्मविश्वास और नशामुक्त जीवन की मजबूत नींव

केटी न्यूज/बक्सर।

करीब 16 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद बक्सर में पावरलिफ्टिंग खेल का रोमांच फिर लौट आया। जिला प्रशासन एवं जिला पावरलिफ्टिंग संघ के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को कला भवन, बक्सर में आयोजित जिला स्तरीय पावरलिफ्टिंग प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ जिलाधिकारी साहिला ने दीप प्रज्वलित कर किया। प्रतियोगिता के आगाज के साथ ही कला भवन खिलाड़ियों के जोश, उत्साह और खेल भावना से सराबोर हो उठा। जिले के विभिन्न प्रखंडों, शिक्षण संस्थानों और व्यायामशालाओं से पहुंचे खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी साहिला ने कहा कि खेल महज पदक हासिल करने का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और स्वस्थ समाज के निर्माण की मजबूत आधारशिला है।

उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए खेल भावना के साथ अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने का आह्वान किया।जिलाधिकारी ने कहा कि जिला प्रशासन बक्सर की प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने और उन्हें बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए हरसंभव प्रयास करेगा।उन्होंने कहा कि खेल युवाओं को सकारात्मक दिशा देने के साथ उन्हें अनुशासन, समर्पण और नशामुक्त जीवन का संदेश देता है। खिलाड़ियों को खेल को अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने तथा राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर बक्सर का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया गया।

_लंबे अंतराल के बाद मिला प्रतिभाओं को मंच

जिला पावरलिफ्टिंग संघ के अध्यक्ष अविनाश कुमार ने कहा कि जिलाधिकारी के मार्गदर्शन और जिला खेल पदाधिकारी के कुशल नेतृत्व में लंबे अंतराल के बाद बक्सर में जिला स्तरीय पावरलिफ्टिंग प्रतियोगिता का आयोजन संभव हो सका है। उन्होंने कहा कि यह प्रतियोगिता जिले के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा साबित करने का सशक्त मंच देगी। ऐसे आयोजनों के माध्यम से भविष्य में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी तैयार किए जा सकते हैं।प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों में जबरदस्त जोश और अनुशासन देखने को मिला। आयोजन को सफल, सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के लिए जिला प्रशासन एवं पावरलिफ्टिंग संघ की ओर से बेहतर व्यवस्थाएं की गई थीं।

कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त, अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, जिला खेल पदाधिकारी, विशेष कार्य पदाधिकारी (जिला गोपनीय शाखा), सुबोध कुमार राय, सचिव जिला पावरलिफ्टिंग संघ तथा अध्यक्ष अविनाश कुमार सिंह सहित अन्य गणमान्य लोग, प्रशिक्षक, खिलाड़ी और खेल प्रेमी मौजूद रहे।करीब डेढ़ दशक बाद आयोजित इस प्रतियोगिता को बक्सर में पावरलिफ्टिंग के पुनर्जागरण की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों ने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी ऐसे आयोजन होते रहेंगे और जिले की खेल प्रतिभाओं को राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलेगी।