पुराना भोजपुर का जलवा बरकरार, छपरा पर 4–0 की शानदार जीत से सेमीफाइनल में एंट्री
कस्तूरबा स्मारक शील्ड फुटबॉल टूर्नामेंट में मेजबान पुराना भोजपुर फुटबॉल क्लब ने अपने शानदार प्रदर्शन से एक बार फिर दर्शकों का दिल जीत लिया। टीम ने छपरा को एकतरफा मुकाबले में 4–0 से हराकर सेमीफाइनल में दमदार एंट्री कर ली है। मैच के शुरुआत से अंत तक पुराना भोजपुर का दबदबा देखने को मिला और विरोधी टीम पूरी तरह दबाव में नजर आई।

__ अभय शर्मा का डबल धमाका, आज सासाराम से भिड़ंत में फाइनल की राह तय करने उतरेगी टीम
केटी न्यूज/डुमरांव।
कस्तूरबा स्मारक शील्ड फुटबॉल टूर्नामेंट में मेजबान पुराना भोजपुर फुटबॉल क्लब ने अपने शानदार प्रदर्शन से एक बार फिर दर्शकों का दिल जीत लिया। टीम ने छपरा को एकतरफा मुकाबले में 4–0 से हराकर सेमीफाइनल में दमदार एंट्री कर ली है। मैच के शुरुआत से अंत तक पुराना भोजपुर का दबदबा देखने को मिला और विरोधी टीम पूरी तरह दबाव में नजर आई।खेल के शुरुआती मिनटों में ही पुराना भोजपुर ने आक्रामक रुख अपनाया। टीम के स्टार खिलाड़ी अभय शर्मा ने बेहतरीन मूवमेंट और सटीक शॉट के साथ पहला गोल दागकर टीम को बढ़त दिलाई।

इस गोल के बाद खिलाड़ियों का आत्मविश्वास और बढ़ गया। जल्द ही शुभम कुमार ने शानदार तालमेल का प्रदर्शन करते हुए दूसरा गोल कर स्कोर 2–0 कर दिया। पहले हाफ तक छपरा की टीम कोई प्रभावी जवाब नहीं दे सकी।दूसरे हाफ में भी पुराना भोजपुर ने अपनी लय बरकरार रखी। अभय शर्मा ने एक बार फिर शानदार खेल दिखाते हुए अपना दूसरा और टीम का तीसरा गोल किया। इसके बाद नसीम ने अंतिम समय में गोल कर मुकाबले को पूरी तरह एकतरफा बना दिया। टीम की रक्षा पंक्ति ने भी कमाल का प्रदर्शन किया और छपरा के हर हमले को नाकाम कर दिया।

मैच का उद्घाटन समाजसेवी कृष्णा सिंह और मुख्य पार्षद प्रतिनिधि सुमित गुप्ता द्वारा किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मौजूद रहे और खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। रेफरी टीम ने भी निष्पक्ष और सटीक निर्णयों के साथ मैच को सफलतापूर्वक संपन्न कराया।टूर्नामेंट में अब तक महेन, सासाराम और गाजीपुर की टीमें भी शानदार प्रदर्शन कर चुकी हैं। अब सभी की नजरें सेमीफाइनल मुकाबलों पर टिकी हैं। पुराना भोजपुर का अगला मुकाबला सासाराम से होना है, जिसे लेकर दर्शकों में खासा उत्साह है। दोनों टीमें बेहतरीन फॉर्म में हैं, ऐसे में यह मुकाबला बेहद रोमांचक और कांटे की टक्कर वाला होने की उम्मीद है।

