राष्ट्रीय मंच पर दम दिखाएंगे बक्सर के पांच खिलाड़ी
बक्सर के खेल जगत के लिए गर्व की खबर है। जिले के पांच उभरते खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिला है। गुजरात के अहमदाबाद में 31 मई से 3 जून तक आयोजित होने वाली 15वीं एमपीएफआई बाईथल-टाईथल नेशनल चैंपियनशिप में बक्सर के पांच खिलाड़ी बिहार टीम की ओर से हिस्सा लेंगे।

__ अहमदाबाद में होने वाली 15वीं एमपीएफआई बाईथल-टाईथल नेशनल चैंपियनशिप में बिहार टीम का करेंगे प्रतिनिधित्व, जिले में उत्साह का माहौल
केटी न्यूज/बक्सर :
बक्सर के खेल जगत के लिए गर्व की खबर है। जिले के पांच उभरते खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिला है। गुजरात के अहमदाबाद में 31 मई से 3 जून तक आयोजित होने वाली 15वीं एमपीएफआई बाईथल-टाईथल नेशनल चैंपियनशिप में बक्सर के पांच खिलाड़ी बिहार टीम की ओर से हिस्सा लेंगे। खिलाड़ियों के चयन से जिले के खेल प्रेमियों, प्रशिक्षकों और परिजनों में खुशी और उत्साह का माहौल है।बिहार मॉडर्न पेंटाथलन एसोसिएशन के तत्वावधान में 22 सदस्यीय बिहार टीम राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए अहमदाबाद रवाना हो चुकी है। इस टीम में बक्सर जिले के पांच खिलाड़ियों को शामिल किया गया है, जो अपने प्रदर्शन के दम पर राज्य टीम में जगह बनाने में सफल रहे हैं।

चयनित खिलाड़ियों में चौसा की चांदनी कुमारी, सुशील कुमार चौरसिया, कम्हरिया के चंदन कुमार साहनी, दीपक कुमार राय तथा आदित्य उपाध्याय शामिल हैं। सभी खिलाड़ी विभिन्न आयु वर्गों में प्रतियोगिता में अपनी चुनौती पेश करेंगे।खेल विशेषज्ञों का मानना है कि पिछले कुछ वर्षों में बक्सर के खिलाड़ियों ने विभिन्न राज्य एवं राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उल्लेखनीय प्रदर्शन कर जिले की पहचान मजबूत की है। इसी का परिणाम है कि अब जिले के खिलाड़ी लगातार बड़े मंचों पर अपनी उपस्थिति दर्ज करा रहे हैं। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि को ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं के उभरने का सकारात्मक संकेत माना जा रहा है।प्रतियोगिता के लिए रवाना होने से पहले खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए भाजपा प्रदेश खेल प्रकोष्ठ के संयोजक सतीश राजू, बिहार मॉडर्न पेंटाथलन एसोसिएशन के अध्यक्ष अनुराग कुमार तथा टीम मैनेजर प्रिंस कुमार ने उन्हें शुभकामनाएं दीं।

उन्होंने विश्वास जताया कि बिहार की टीम इस बार भी शानदार प्रदर्शन करेगी और खिलाड़ी पदक जीतकर राज्य तथा जिले का नाम रोशन करेंगे।खिलाड़ियों के चयन की खबर मिलते ही उनके गांवों और परिवारों में खुशी की लहर दौड़ गई। स्थानीय खेल प्रेमियों ने इसे जिले के लिए बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि यदि खिलाड़ियों को बेहतर संसाधन और प्रशिक्षण मिलता रहा तो भविष्य में बक्सर राष्ट्रीय ही नहीं, अंतरराष्ट्रीय खेल मंचों पर भी अपनी अलग पहचान बनाएगा। अब जिले की निगाहें अहमदाबाद में होने वाली इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता पर टिकी हैं, जहां बक्सर के खिलाड़ी अपनी मेहनत और प्रतिभा का दम दिखाने उतरेंगे।

